Last Updated:
दुबई और अमेरिका में नौकरी के बाद वंदना खुराना ने दिल्ली में स्टार्टअप शुरू किया .उनका ब्रांड 2 साल तक खराब न होने वाले प्राकृतिक फूलों के गिफ्ट तैयार करता है. इन टिकाऊ फूलों की विदेशों में भारी मांग है. इससे वंदना को 50 फीसदी तक का तगड़ा मुनाफा हो रहा है.
नई दिल्ली: दिल्ली की एक महिला ने दुबई, अमेरिका और अफ्रीका जैसे देशों में नौकरी करने के बाद एक अलग राह चुनी है. विदेश की चमक-दमक छोड़कर उन्होंने भारत लौटकर प्राकृतिक फूलों से जुड़ा एक अनोखा स्टार्टअप शुरू किया. आज यह स्टार्टअप न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा है, बल्कि देश के फूलों की खुशबू विदेशों तक पहुंचा रहा है. प्राकृतिक फूलों से तैयार होने वाले उनके खास उपहारों की मांग कई देशों में बढ़ रही है. जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा भी हो रहा है.
दिल्ली की वंदना खुराना की कहानी
दरअसल, स्टार्टअप करने वाली शख्स का नाम है वंदना खुराना जिनकी कंपनी है फॉरएवर फ्लावर प्राइवेट लिमिटेड और उनके ब्रांड का नाम है वर्साय जोकि फ्रांस में फूलों का शहर माना जाता है उसी के नाम पर इन्होंने अपने ब्रांड का नाम रखा है. भारत मंडपम में आयोजित वर्ल्ड गिफ्ट एक्सपो 2026 में उन्होंने अपना स्टॉल लगाया तो देखने वाले देखते ही रह गए. दरअसल प्राकृतिक फूलों से बनाया गया यह एक गिफ्ट है जिसे लोग ना सिर्फ देश-विदेश में एक दूसरे को खास त्यौहारों पर दे रहे हैं बल्कि बड़े से बड़े लग्जरी होटल और रेस्टोरेंट तक अपने यहां खूबसूरती के तौर पर इनको खरीद रहे हैं.
ऐसे आया यह बिजनेस आइडिया
वंदना खुराना ने बताया कि उन्होंने दुबई, यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका के साथ-साथ अफ्रीका में लगभग 15 साल का वक्त बिताया. इसके बाद जब कोविड-19 आया और लॉकडाउन लगा तब वह भारत लौट आई. उनके भाई विवेक और पति राजीव खुराना से उन्होंने इस बिजनेस आइडिया के बारे में बात की क्योंकि दुबई में रहते हुए उन्होंने देखा था कि इस तरह का बिजनेस लोग कर रहे हैं लेकिन भारत में ऐसा बिजनेस कोई भी नहीं कर रहा है. तब इन्होंने अपने भाई के साथ मिलकर लगभग 6 महीने रिसर्च की और यूरोप के कुछ लोगों की मदद से भारत में पैदा होने वाले विकसित फूलों को लेकर के उन्हें सुखाकर उन्हें 2 साल तक टिकाऊ रखना के तौर पर बनाया.
अब भारत से बाहर भी बढ़ी डिमांड
वंदना खुराना ने बताया कि क्योंकि भारत में ऐसा कोई बिजनेस कर नहीं रहा है इसीलिए इसकी डिमांड अभी विदेश तक बढ़ गई है. इसके अलावा भारत में कई बड़े क्लाइंट और ब्रांड उनके साथ जुड़ चुके हैं. कई लग्जरी होटल और रेस्टोरेंट भी अपने यहां इन फूलों को सजाने के लिए ले रहे हैं, क्योंकि ये फूल नेचुरल हैं. प्राकृतिक हैं लेकिन इन पर नेचुरल तरीके से इनको इस तरह गिफ्ट के पैकेट में सजाया गया है कि ये 2 साल तक खराब नहीं होंगे. यानी एक बार अगर आप किसी को ये गिफ्ट देंगे तो 2 साल तक उसके पास ही गिफ्ट रहेगा. अगर किसी होटल या रेस्टोरेंट में इसे लगा दिया तो आपको रोज-रोज फूल बदलने की जरूरत नहीं है. एक बार लगा दिया आपने फिर दो साल की छुट्टी. 2 साल तक यह जैसे का तैसा ही बना रहेगा. कीमत की बात करें तो छोटे से लेकर बड़े तक के गिफ्ट पैकेट उनके पास मौजूद है. सबकी कीमत अलग-अलग है और उन्हें इसमें 40 से 50% मुनाफा भी हो रहा है.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें
