Last Updated:
Ghaziabad Latest News : गाजियाबाद के मोदीनगर में तीन महिलाओं के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने महिलाओं पर गौ-तस्करी का शक जताते हुए बीच सड़क उन्हें रोक लिया और मारपीट की.
महिलाओं के साथ मारपीट का वीडियो वायरल.
गाजियाबाद : यूपी में गाजियाबाद के मोदीनगर में तीन महिलाओं के साथ कथित मारपीट का वीडियो सामने आया है. आरोप है कि हिंदू रक्षा दल के कुछ कार्यकर्ताओं ने गाय ले जा रही महिलाओं को बीच सड़क रोक लिया. उन पर गाय बेचने और गौ-तस्करी का आरोप लगाया गया. महिलाओं के बार-बार समझाने के बावजूद उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई.
पीड़िता दीपा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 अगस्त 2026 को वह अपनी मां सुमन के साथ चुना भट्टी, मोदीनगर से मुरादनगर गाय लेकर जा रही थी. उनके मुताबिक, वह पहले से पशुपालन करती हैं और गाय अपनी मां के पास ले जा रही थीं.
शिकायत के अनुसार, जैसे ही वे सिकेड़ा रोड पर पहुंचीं, सपना अग्रवाल और दो अन्य लोगों ने बिना कोई जानकारी लिए उन्हें रोक लिया. आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़िता का कहना है कि इस घटना में उन्हें और उनकी मां को चोटें आई हैं. घटना के दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा. आरोप है कि महिलाओं के लगातार सफाई देने के बावजूद कार्यकर्ताओं ने उनकी एक नहीं सुनी. बाद में वही लोग तीनों महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
पुलिस ने पूरे मामले की जांच की. शुरुआती जांच में सामने आया कि महिलाएं पशुपालन का काम करती हैं और गाय को उसी उद्देश्य से ले जाया जा रहा था. इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर सपना अग्रवाल और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें
