जब भी दुनिया के सबसे उन्नत सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों की बात होती है तो न्यूयॉर्क सबवे, पेरिस मेट्रो या हांगकांग मेट्रो का नाम सबसे पहले लिया जाता है. लेकिन भारत की राजधानी में दौड़ने वाली दिल्ली मेट्रो ने इन सभी वैश्विक दिग्गजों को परिचालन, समयबद्धता और विश्वसनीयता के मामले में बहुत पीछे छोड़ दिया है. अत्यंत कड़े मानकों का पालन करते हुए DMRC ने खुद को दुनिया की शीर्ष और सबसे भरोसेमंद अर्बन रेल प्रणालियों में मजबूती से स्थापित कर लिया है.
समयबद्धता का वो पैमाना, जहां फेल हो जाते हैं बड़े-बड़े देश
दुनिया की कई बड़ी मेट्रो प्रणालियां ट्रेन के कई मिनट देरी से आने पर भी उसे लेट नहीं मानतीं. लेकिन DMRC का मापदंड बिल्कुल अलग और बेहद सख्त है. दिल्ली मेट्रो में यदि कोई ट्रेन अपने गंतव्य स्टेशन पर तय समय से मात्र 59 सेकंड से अधिक की देरी से पहुंचती है, तो उसे आधिकारिक तौर पर ‘विलंबित’ (Late) मान लिया जाता है.
दिल्ली मेट्रो का ट्रैक रिकॉर्ड चौंकाने वाला है
• साल 2003: पंक्चुअलिटी 98.27 प्रतिशत थी.
• साल 2005: यह बढ़कर 99.64% हुई, जिससे DMRC शुरुआती दो सालों में ही 99% से अधिक पंक्चुअलिटी हासिल करने वाले चुनिंदा वैश्विक क्लब में शामिल हो गया.
• साल 2026: विशाल नेटवर्क और ट्रेनों के विशाल बेड़े के बावजूद DMRC ने 99.95 प्रतिशत की अभूतपूर्व पंक्चुअलिटी दर्ज की है.
नेटवर्क बढ़ा, लेकिन नहीं बिगड़ी रफ्तार की घड़ी
अक्सर नेटवर्क का दायरा बढ़ने से रखरखाव और संचालन की चुनौतियां बढ़ती हैं, जिससे सेवाएं प्रभावित होती हैं. लेकिन DMRC ने 23 वर्षों के इतिहास में इस धारणा को गलत साबित किया है. शुरुआत में जहां दो ट्रेनों के बीच का अंतर (Headway) 7 मिनट हुआ करता था, वहीं आज व्यस्त रूटों पर यह घटकर मात्र 2 मिनट 18 सेकंड रह गया है.
विश्वसनीयता के अंतरराष्ट्रीय मानक ‘Mean Distance Between Failures’ (MDBF) में DMRC ने 2.72 मिलियन कार-किलोमीटर का स्कोर हासिल किया है. दुनिया की 45 प्रमुख मेट्रो प्रणालियों के संगठन Community of Metros (COMET) की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली मेट्रो लगातार दुनिया की टॉप-5 सबसे भरोसेमंद मेट्रो प्रणालियों में बनी हुई है.
ड्राइवरलेस तकनीक और ‘पिंक लाइन’ का विश्व रिकॉर्ड
DMRC आज भारत के सबसे बड़े ड्राइवरलेस मेट्रो नेटवर्क का भी सफल संचालन कर रहा है. इसके लगभग 29% नेटवर्क पर ‘Unattended Train Operation’ (UTO) यानी बिना ड्राइवर के ट्रेनें दौड़ रही हैं.
दिल्ली मेट्रो की ‘लाइन-7’ (पिंक लाइन), जो 71.55 किलोमीटर लंबी है और जिसमें 45 स्टेशन हैं, दुनिया की सबसे लंबी ड्राइवरलेस मेट्रो लाइन है. साथ ही यह विश्व की सबसे लंबी सर्कुलर मेट्रो लाइनों में भी गिनी जाती है, जो लगभग पूरे दिल्ली नेटवर्क को एक-दूसरे से जोड़ती है.
8.4 किमी से 416 किमी का ऐतिहासिक सफर
दिल्ली मेट्रो की यह यात्रा 25 दिसंबर 2002 को शाहदरा से तीस हजारी के बीच सिर्फ 8.4 किलोमीटर के छोटे से हिस्से और 6 स्टेशनों से शुरू हुई थी. आज यह 12 लाइनों पर 303 स्टेशनों के साथ 416.5 किलोमीटर में फैल चुकी है.
• यात्रियों की संख्या: पहले वर्ष में प्रतिदिन औसतन 82,000 यात्रियों से शुरुआत हुई थी.
• ऑल-टाइम रिकॉर्ड: 8 अगस्त 2025 को एक ही दिन में 81 लाख से अधिक यात्री यात्राओं का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना.
• वर्तमान औसत: रोजाना औसतन 64.06 लाख लोग इसमें सफर कर रहे हैं.
मात्र 8.4 किलोमीटर के एक छोटे से कॉरिडोर से शुरू होकर दुनिया के सबसे बड़े, सुरक्षित और विश्वसनीय मेट्रो नेटवर्कों में शुमार होना DMRC की तकनीकी उत्कृष्टता, दूरदर्शिता और लाखों यात्रियों के भरोसे की एक शानदार मिसाल है.
