Ground Report: 'पुलिस पेट्रोलिंग होती तो खुले में मास्टरबेट करने की किसी की हिम्मत नहीं होती', दिल्ली की लड़कियों का छलका दर्द

दिल्ली के कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क में नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है. इसकी वजह से साउथ दिल्ली के लेडी श्री राम कॉलेज में ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं. छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कॉलेज ने यह बड़ा फैसला लिया है. हालांकि इस एक फैसले से छात्राओं का डर और पीड़ा खत्म नहीं हो जाती. जब News18 इंड‍िया की टीम द‍िल्‍ली की लड़क‍ियों के पास पहुंची और ग्राउंड जीरों पर जाकर व‍ास्‍त‍व‍िकता की जांच की जो उन्‍होंने आसपास के खौफनाक माहौल और उसमें सुरक्षित रहने की अपनी जद्दोजहद के बारे में खुलकर बताया. लेडी श्री राम कॉलेज की छात्राओं ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलते हुए अपना दर्द भी साझा किया.

एक छात्रा ने कॉलेज के आसपास के डरावने माहौल और यहां पुल‍िस पेट्रोलिंग को लेकर कहा क‍ि अगर यहां पुल‍िस इतनी मजबूती से गश्‍त कर रही होती किसी आदमी की हिम्मत नहीं होती कि यहां पर खुले में मास्टरबेट करे, लेक‍िन दिल्ली में आए दि‍न लड़क‍ियां ऐसी घिनौनी हरकतें और घटनाएं देखने को मजबूर हैं.

उन्होंने कहा, ‘हम कभी भी दिल्ली में सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं. दिन हो या रात. यहां तक कि पूरे भारत में भी नहीं करते हैं क्योंकि प्रशासन साथ नहीं देता. किसी को भी बोलो तो यह सुनने में आता है कि यह सब तो होता रहता है. लड़कियों को सहना पड़ता है.

वहीं दूसरी लड़की ने बताया, ‘हमने अब इन हालातों को अडॉप्ट कर लिया है. ये भी समझ लिया है कि सेल्फ डिफेंस इज द वे टू डील विद… हमें खुद का ध्यान रखना है. जब हम अकेले जाते हैं तो एक हाथ पेपर स्प्रे पर रहता है क्योंकि पता नहीं कब कौन सी मुसीबत सामने आ जाए. जब ग्रुप में जाते हैं तो सेफ महसूस करते हैं.’

कॉलेज, पार्क और पीजी के आसपास के इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग को लेकर भी लड़कियों ने साफ-साफ कहा कि यहां कभी-कभी ही पुलिस की गाड़ियां घूमती हैं. यहां पुलिस की पेट्रोलिंग इफेक्टिव नहीं है. अगर पेट्रोलिंग अच्छे से होती तो किसी आदमी की हिम्मत नहीं होती कि यहां पर खुले में मास्टरबेट करे. भरे उजाले में किसी लड़की को हाथ लगाए. यहां छेड़छाड़ की घटनाएं भी आम हैं. जबकि घूरना, पीछा करना तो काफी ज्यादा है.’

लड़कियों ने पुलिस के प‍िंंक बूथ के बारे में भी दिखाते हुए बताया कि देखिए वहां कोई मौजूद नहीं होता. यहां पुलिस की मौजूदगी सिर्फ नाम की है. बस लिखा रहता है, कोई पुलिसकर्मी देखने के लिए नहीं होता.

न्यूज18 इंडिया ने दिखाया कि लेडीज श्रीराम कॉलेज से लगभग एक किलोमीटर दूर ईस्ट कैलाश के आस्था कुंज में ही कुछ दिनों पहले गैंगरेप हुआ था. इसी वजह से इस कॉलेज में डरी हुई छात्राओं को देखते हुए एक दिन आनलाइन क्लास चलाई गई लेकिन आज से ऑफलाइन क्लासेस की शुरुआत हो चुकी है, इसके बावजूद छात्राओं के अंदर डर का माहौल है.

पेरेंट्स में भी काफी डर
एलएसआर में पढ़ने वाली स्टूडेंट ने बताया कि सिर्फ वे ही नहीं डरी हुई हैं, बल्कि उनके पेरेंट्स में भी इस घटना के बाद से काफी डर है. वे भी लाइव लोकेशन भेजने की बात कहते हैं. खासतौर पर सुनसान इलाकों में पुलिस के कड़े इंतजाम होने चाहिए. पुलिस पेट्रोलिंग भी बहुत कम होती है.

कल तक खाली पिंक बूथ पर आज पुलिस तैनात

बता दें कि कॉलेज से लगभग 100 मीटर दूर बना पिंक बूथ जो कल तक खाली पड़ा था खबर का असर होने के बाद पिंक बूथ पर महिला और पुरुष पुलिसकर्मी मौजूद नजर आए. आज यहां पुलिस की बैरिकेडिंग भी थी. हालांकि महिला पुलिसकर्मी से पूछा गया कि अगर कोई घटना हो जाए तो वह क्या करेगी, इस पर वह एक दूसरे की शक्ल ताकते हुए नजर आईं और कोई जवाब नहीं दिया. वहीं बूथ के बाहर खड़े पुलिस वालों से जब पूछा गया कि कल तक खाली पड़ा था तो उन्होंने कहा, ‘हमें नहीं पता ऑर्डर आता है तो इस पर काम किया जाता है. हम बाहर से आए हैं.’

टूटी हुई स्ट्रीट लाइट, शाम से छाता है अंधेरा
न्यूज 18 इंडिया की टीम ने देखा कि कॉलेज के मेन गेट के पीछे एक और छोटा गेट है, जहां स्ट्रीट लाइट टूटी हुई है. शाम के समय अंधेरा हो जाता है और छात्राओं को कॉलेज से बाहर निकलते समय भी डर लगता है. यहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं. यहां न सिक्योरिटी गार्ड हैं ना दिल्ली पुलिस की मौजूदगी और न ही सीसीटीवी कैमरे लगे हैं. छात्रों ने बताया कि शाम के समय अंधेरा रहता है आने-जाने में डर लगता है ज्यादातर स्टूडेंट इस रास्ते को अवॉइड करते हैं छात्राओं ने यह भी बताया कि आते-जाते लड़के कमेंट करते हैं फब्तियां कसते हैं. ऐसा उनके कई दोस्तों के साथ हुआ है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *