Last Updated:
Ghaziabad Latest News: गाजियाबाद में नवजात बच्चों की कथित तस्करी के एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. टीला मोड़ पुलिस ने दो महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी नवजात और दूधमुंहे बच्चों की जानकारी जुटाकर उनकी तस्वीरें व्हाट्सऐप पर भेजते थे और कथित खरीदारों से सौदा तय करते थे.
पुलिस ने बच्चे को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया.
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नवजात शिशु तस्करी के कथित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. थाना टीला मोड़ पुलिस ने पांच आरोपियों और दो महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. सबसे बड़ी बात ये है कि तीन महीने के मासूम को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया.
दरअसल, फरुकान ने 11 अगस्त को थाना टीला मोड़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 अगस्त को उसके तीन माह के बेटे अल्तमश को नौशाद और उसकी पत्नी रुखसार कथित तौर पर अगवा कर ले गए. शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, मैनुअल इनपुट और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की. 12 अगस्त को हिण्डन नदी चौकी क्षेत्र के फर्रुखनगर से सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाओं के जरिए उन परिवारों की जानकारी जुटाते थे, जिनके घर नवजात या दूधमुंहे बच्चे होते थे. इसके बाद बच्चों की तस्वीरें व्हाट्सऐप पर साझा कर कथित खरीदारों से सौदा तय किया जाता था.
आरोप है कि अल्तमश को भी बेचने की तैयारी थी और उसे कांधला, शामली ले जाया जा रहा था. पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर मासूम को बचा लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैजल, नौशाद, नागेंद्र, नसीम, आबिद, सुमित्रा और रुखसार के रूप में हुई है. पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित खरीदारों की तलाश में जुटी है.
About the Author
अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें
