Last Updated:
Kanjhawala Murder Case: दिल्ली के कंझावला में दीपक की सड़क हादसे में हुई मौत का रोहिणी के डीसीपी शशांक जायसवाल ने खुलासा किया. 22 साल पुरानी रंजिश में दीपक को मारने के लिए पहले फायरिंग कराई गई, फिर 2 जुलाई को कार से एक्सीडेंट किया गया. दोनों कोशिशें नाकाम रहने पर 16 जुलाई को स्कॉर्पियो से रौंदकर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने मुख्य मास्टरमाइंड पवन डबास समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर गाड़ियां बरामद कर ली हैं.
पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दिल्ली की सड़कों पर मौत का जो खेल हादसा लग रहा था, उसकी परतें खुलीं तो खाकी भी हैरान रह गई. कंझावला के चांदपुर माजरा रोड पर खून से लथपथ पड़ी दीपक डबास की लाश और कुछ दूरी पर उसकी स्कूटी महज एक एक्सीडेंट का शिकार नहीं हुई थी बल्कि उसे ठंडे दिमाग से बुने गए साजिश के जाल में जिंदा दफनाया गया था. रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने जब इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया तो सामने आई 22 साल पुरानी दुश्मनी और जान लेने का वो जुनून जो दो बार नाकाम होने के बाद भी नहीं थमा.
फायरिंग से लेकर एक्सीडेंट का ड्रामा
दिल्ली पुलिस के मुताबिक मुख्य साजिशकर्ता पवन उर्फ जगपाल डबास ने दीपक को रास्ते से हटाने के लिए पूरी पटकथा तैयार की थी. पहली बार दुश्मनों ने दीपक के भाई के घर के बाहर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, लेकिन किस्मत से दीपक बच निकला. गोलियां नाकाम हुईं तो साजिशकर्ताओं ने पैंतरा बदला और हत्या को हादसे में बदलने का खतरनाक प्लान बनाया.
2 जुलाई को जब दीपक स्कूटी से प्रेम प्याऊ रोड से गुजर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार सफेद हुंडई i10 कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. पुलिस ने इसे एक्सीडेंट मानकर दर्ज की, लेकिन किस्मत ने दीपक का साथ एक बार फिर दिया और वह बच गया.
जब तीसरी कोशिश में ले ली जान
दो बार मात खाने के बाद बौखलाए साजिशकर्ताओं ने 16 जुलाई को तीसरी और सबसे खौफनाक चाल चली. चांदपुर माजरा रोड पर जैसे ही दीपक स्कूटी से निकला, पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मारी और फिर बेदर्दी से रौंदते हुए निकल गई. इस बार किस्मत भी दीपक का साथ छोड़ चुकी थी और मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं.
मास्टरमाइंड समेत 5 गिरफ्तार
वारदात के बाद जब पुलिस ने कड़ियां जोड़ना शुरू किया तो सबसे पहले सागर उर्फ काला पुलिस के हत्थे चढ़ा. उसकी निशानदेही पर 2 जुलाई के एक्सीडेंट में इस्तेमाल i10 कार बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने मुख्य मास्टरमाइंड पवन डबास, अतुल उर्फ मोंटी, साहिल और प्रिंस उर्फ टीली को दबोच लिया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल काले रंग की स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली है.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…
और पढ़ें
