नोएडा: आजादी के पर्व पर नोएडा और दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है. दरअसल, अब यात्रियों को अलग-अलग मेट्रो के लिए दो कार्ड रखने की जरूरत नहीं होगी. नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने शनिवार को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) लॉन्च कर दिया है. इस कार्ड की मदद से यात्री कई मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में आसानी से सफर कर सकेंगे.
एक कार्ड से कई मेट्रो में कर सकेंगे सफर
NCMC कार्ड से यात्री नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के साथ दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर भी सफर कर सकेंगे. इसके अलावा, देश के दूसरे मेट्रो नेटवर्क और NCMC सुविधा वाली सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा. इतना ही नहीं सिटी बसों में भी यह कार्ड मान्य होगा.
वहीं, दिल्ली मेट्रो में इस्तेमाल होने वाले कार्ड से अब नोएडा मेट्रो में भी यात्रा की जा सकेगी. इससे रोजाना मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी.
पहले ही बिक चुके हैं 88 हजार से ज्यादा कार्ड
बता दें कि NMRC ने आधिकारिक लॉन्च से पहले ही NCMC कार्ड की बिक्री शुरू कर दी थी. अब तक 88 हजार से ज्यादा कार्ड बेचे जा चुके हैं. शनिवार से यात्रियों ने इन कार्ड की मदद से नोएडा मेट्रो और दिल्ली मेट्रो में सफर करना शुरू कर दिया.
NMRC के कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए मेट्रो में लगातार नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं. स्टेशनों पर पैसेंजर इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (PIDS) भी शुरू किया गया है. इससे यात्रियों को ट्रेन के आने और जाने की जानकारी समय पर मिल रही है.
300 रुपये में बनेगा NCMC कार्ड
यात्री, नोएडा मेट्रो के 21 में से किसी भी स्टेशन के काउंटर से NCMC कार्ड बनवा सकते हैं. इसके लिए 300 रुपये देने होंगे. इसमें 100 रुपये कार्ड की कीमत और 200 रुपये का टॉपअप शामिल है.
इस कार्ड को बनवाने के लिए आपको अपना मोबाइल नंबर देना होगा. मोबाइल पर आए OTP की जानकारी देने के बाद करीब पांच मिनट में कार्ड मिल जाएगा. कार्ड में ज्यादा से ज्यादा 2,000 रुपये तक रिचार्ज किया जा सकता है, जबकि न्यूनतम रिचार्ज 200 रुपये होगा. यह कार्ड चार साल तक मान्य रहेगा.
WhatsApp से भी ले सकेंगे मेट्रो टिकट
यात्रियों के लिए WhatsApp से टिकट लेने की सुविधा भी शुरू की गई है. इसके लिए 9599030188 नंबर पर WhatsApp के जरिए ‘Hi’ लिखकर भेजना होगा. इसके बाद यात्री अपना शुरुआती और गंतव्य स्टेशन चुनकर UPI से भुगतान कर सकेंगे. भुगतान के बाद उन्हें QR टिकट मिल जाएगा.
पुराना कार्ड मुफ्त में होगा अपग्रेड
जिन यात्रियों के पास नोएडा मेट्रो का पुराना कार्ड है वे उसे NCMC कार्ड में अपग्रेड करा सकते हैं. इसके लिए यात्रियों से कोई अतिरिक्त पैसे नहीं लिया जाएगा. हालांकि, जो यात्री कार्ड का इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं, वे पहले की तरह सामान्य टिकट लेकर भी मेट्रो से यात्रा कर सकेंगे.
