Last Updated:
JEE-NEET Free Coaching Ghaziabad : प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अब आर्थिक परेशानी आड़े नहीं आएगी. उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना ऐसे छात्रों के लिए वरदान बनकर सामने आई है. योजना के तहत गाजियाबाद में युवाओं को UPSC, UPPCS, NEET, JEE, NDA और CDS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग दी जाएगी. छात्रों को पहले एक चयन परीक्षा पास करनी होगी. UPSC और UPPCS की कोचिंग के लिए ग्रेजुएशन के तीसरे वर्ष या चौथे सेमेस्टर में पढ़ रहे छात्र आवेदन कर सकते हैं.
गाजियाबाद. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. आर्थिक परेशानी अब आपकी तैयारी के रास्ते में रुकावट नहीं बनेगी. उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत गाजियाबाद में युवाओं को UPSC, UPPCS, NEET, JEE, NDA और CDS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग दी जाएगी. इसके लिए छात्रों को पहले एक चयन परीक्षा पास करनी होगी. परीक्षा में चयनित होने वाले छात्रों को ऑफलाइन मोड में फ्री कोचिंग की सुविधा मिलेगी. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मेहनत के साथ सही मार्गदर्शन भी बेहद जरूरी होता है. प्राइवेट कोचिंग संस्थानों की महंगी फीस कई बार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है. ऐसे छात्रों के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना काफी मददगार साबित हो सकती है.
कौन भर सकता है पर्चा
इस योजना के तहत UPSC और UPPCS की नि:शुल्क कोचिंग के लिए ग्रेजुएशन के तीसरे वर्ष या चौथे सेमेस्टर में पढ़ रहे छात्र आवेदन कर सकते हैं. NEET और JEE की कोचिंग के लिए 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र या पासआउट विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं. NDA की कोचिंग के लिए 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थी पात्र होंगे. CDS की नि:शुल्क कोचिंग के लिए ग्रेजुएशन के अंतिम सेमेस्टर में पढ़ रहे छात्र और ग्रेजुएशन पासआउट विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं.
एक बैच में कितने छात्र
गाजियाबाद में इच्छुक छात्र समाज कलेक्ट्रेट स्थित विकास भवन में कल्याण विभाग से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तारीख 20 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. आवेदन के बाद छात्रों के लिए चयन परीक्षा आयोजित की जाएगी. चयनित छात्रों की कक्षाएं 1 सितंबर 2026 से शुरू होंगी. लोकल 18 से जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत वर्ष 2026-27 में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी. इस बार गाजियाबाद में कोचिंग सेंटरों की संख्या बढ़ाने की भी तैयारी है ताकि अधिक से अधिक छात्रों को इसका लाभ मिल सके. एक बैच में लगभग 50 छात्रों को कोचिंग दी जाएगी. संदीप चौधरी ने बताया कि छात्राओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है. गाजियाबाद में छात्राओं के लिए NEET और JEE की तैयारी के लिए अलग से डेडीकेटेड कोचिंग सेंटर शुरू किया जाएगा.
About the Author
प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…
और पढ़ें
