टेस्ट के 6 गेंदबाज, जिन्होंने पहली गेंद पर लिए सबसे ज्यादा विकेट, 149 साल के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

होमखेलक्रिकेट

टेस्ट के 6 गेंदबाज, जिन्होंने पहली गेंद पर लिए सबसे ज्यादा विकेट

Last Updated:

6 bowlers most take wicket on the first ball in a Test: ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया. बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली ही गेंद पर शादमान इस्लाम को आउट कर वह टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा बार पहली गेंद पर विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए. उन्होंने वेस्टइंडीज के पेड्रो कोलिन्स का रिकॉर्ड तोड़ा. इसके साथ ही स्टार्क ने टेस्ट के पहले ओवर में 9 विकेट पूरे कर जेम्स एंडरसन का सर्वकालिक रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया.

टेस्ट में पहले ओवर में सबसे ज्यादा बार विकेट लेने वाले टॉप 6 बॉलर की लिस्ट.

नई दिल्ली. मिचेल स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक ऐसा नया अध्याय जोड़ दिया है, जिसे तोड़ पाना किसी भी गेंदबाज के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण होगा. मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में बांग्लादेश के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले ही दिन स्टार्क ने अपनी पहली ही गेंद पर वह करिश्मा कर दिखाया जो दुनिया का कोई अन्य गेंदबाज कभी नहीं कर सका.पहले सेशन में ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी की शुरुआत करते हुए स्टार्क ने बांग्लादेशी ओपनर शादमान इस्लाम को मैच की सबसे पहली गेंद पर कैमरन ग्रीन के हाथों कैच आउट करवाकर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. शादमान पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले ‘गोल्डन डक’ का शिकार बने. इस विकेट के साथ ही मिचेल स्टार्क टेस्ट मैच की सबसे पहली गेंद पर चार बार विकेट चटकाने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए.

इस ऐतिहासिक शुरुआत के बाद मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) रुके नहीं और उन्होंने अपनी धारदार और स्विंग होती गेंदों से बांग्लादेशी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया. स्टार्क ने सिर्फ 10 ओवर में मात्र 12 रन खर्च करके 6 विकेट झटके. उनकी इस कातिलाना गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने बांग्लादेश की पहली पारी को महज 64 रनों पर ही समेट दिया.

टेस्ट में पहले ओवर में सबसे ज्यादा बार विकेट लेने वाले टॉप 6 बॉलर की लिस्ट.

पेड्रो कोलिन्स का वर्षों पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त
इस ऐतिहासिक विकेट के साथ स्टार्क ने वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज पेड्रो कोलिंस (Pedro Collins) के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. कोलिंस ने अपने करियर के दौरान टेस्ट मैच की पहली ही गेंद पर तीन बार विकेट हासिल किया था. एक दिलचस्प तथ्य यह भी रहा कि कोलिंस ने उन तीनों मौकों पर बांग्लादेश के ही सलामी बल्लेबाज हन्नान सरकार को आउट किया था. अब स्टार्क ने चौथी बार यह कारनामा अंजाम देकर इस सूची में शीर्ष स्थान अपने नाम कर लिया है. अगर इस विशिष्ट लिस्ट के अन्य दिग्गजों की बात करें, तो टेस्ट की पहली गेंद पर दो-दो बार विकेट लेने का कारनामा इंग्लैंड के ज्योफ अर्नाल्ड, न्यूजीलैंड के सर रिचर्ड हैडली, भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव और श्रीलंका के सुरंगा लकमल ने किया है.

स्टार्क के चारों ऐतिहासिक शिकार की दास्तान
स्टार्क के इस सफर की शुरुआत एक दशक पहले अगस्त 2016 में श्रीलंका के गॉल मैदान पर हुई थी. उस मुकाबले में स्टार्क ने टेस्ट की पहली गेंद पर श्रीलंकाई ओपनर दिमुथ करुणारत्ने को जो बर्न्स के हाथों कैच कराया था. इसके बाद स्टार्क का दूसरा सबसे यादगार शिकार दिसंबर 2021 में ब्रिस्बेन के ऐतिहासिक गाबा मैदान पर देखने को मिला. 2021-22 की प्रतिष्ठित एशेज सीरीज के पहले टेस्ट की सबसे पहली ही गेंद पर उन्होंने इंग्लैंड के ओपनर रोरी बर्न्स को शानदार इन-स्विंगर पर क्लीन बोल्ड करके सनसनी फैला दी थी.

तीसरी बार यह पल दिसंबर 2024 में एडिलेड ओवल में खेले गए डे-नाइट टेस्ट में आया, जब भारत के युवा इन-फॉर्म सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल मैच की पहली गेंद पर स्टार्क की सटीक गेंद पर एलबीडब्ल्यू (LBW) होकर आउट हो गए. इस विकेट के साथ स्टार्क ने कोलिन्स की बराबरी की थी, और अब अगस्त 2026 में मैके में शादमान इस्लाम को आउट करके उन्होंने अकेले इस रिकॉर्ड पर अपना कब्जा जमा लिया.

जेम्स एंडरसन का एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा
शादमान इस्लाम का विकेट केवल पहली गेंद के रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने टेस्ट क्रिकेट के पहले ओवर में सबसे अधिक विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड भी स्टार्क की झोली में डाल दिया. इससे पहले टेस्ट मैच के पहले ओवर में सबसे ज्यादा 8 विकेट चटकाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के नाम दर्ज था, जिन्होंने अपने दो दशक लंबे करियर में यह मुकाम हासिल किया था. स्टार्क ने अब टेस्ट मैचों के पहले ओवर में 9 विकेट पूरे कर एंडरसन को दूसरे पायदान पर धकेल दिया है. इस फेहरिस्त में ऑस्ट्रेलिया के रे लिंडवाल, न्यूजीलैंड के रिचर्ड हैडली और भारत के कपिल देव 7-7 विकेटों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर मौजूद हैं.मिचेल स्टार्क की यह उपलब्धि दर्शाती है कि जब लाल गेंद हाथ में हो और पारी की पहली ही गेंद फेंकनी हो, तो उनसे अधिक खतरनाक और आक्रामक गेंदबाज मॉडर्न क्रिकेट में शायद कोई दूसरा नहीं है.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *