Last Updated:
Raksha Bandhan Sister Gifts: राखी का त्योहार आते ही बहनों के लिए गिफ्ट लेने की तैयारी शुरू हो जाती है. अगर इस बार आप भी कुछ ऐसा देने की सोच रहे हैं जो थोड़ा अलग हो, बजट में हो और देखने में भी खूबसूरत लगे, तो कोलकाता की ये जूट ज्वेलरी आपके काम आ सकती है. खास बात यह है कि ये ज्वेलरी मशीन से नहीं, बल्कि कारीगरों के हाथों से तैयार होती है. आइये जानते हैं इसके बारे में.
कारीगर चिरंजीत घोष पिछले करीब 12-13 साल से जूट ज्वेलरी बना रहे हैं. उनका कहना है कि यह कोलकाता की खास पहचान से जुड़ा हुआ काम है. जूट और लकड़ी के छोटे-छोटे टुकड़ों की मदद से झुमके, पेंडेंट, चेन और कई तरह के डिजाइन तैयार किए जाते हैं. इनकी सबसे खास बात है कि हर पीस को हाथ से तैयार किया जाता है.
यानी एक ही डिजाइन के दो पीस भी पूरी तरह एक जैसे नहीं लगते. कारीगर खुद अपने डिजाइन तैयार करते हैं और उसी के हिसाब से ज्वेलरी बनाई जाती है. जूट की इस ज्वेलरी को देखकर भले ही लगे कि इसे जल्दी तैयार किया जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं है. चिरंजीत के मुताबिक, एक छोटे पीस को तैयार करने में करीब 5 घंटे तक लग सकते हैं.
वहीं, अगर पूरा सेट बनाना हो, जिसमें चेन, पेंडेंट और ईयररिंग्स शामिल हों, तो इसे तैयार करने में पूरा दिन भी लग जाता है. यानी राखी पर अगर आप यह ज्वेलरी गिफ्ट करते हैं, तो यह सिर्फ एक गिफ्ट नहीं होगा, बल्कि इसके पीछे कारीगर की घंटों की मेहनत भी होगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सबसे अच्छी बात इसकी कीमत है. यहां जूट ज्वेलरी की शुरुआत सिर्फ 50 रुपये से होती है. 80, 100 रुपये से लेकर अलग-अलग डिजाइन उपलब्ध हैं और पूरा सेट करीब 1500 रुपये तक जा सकता है.इसलिए अगर आपका बजट कम है तो भी आपके पास कई ऑप्शन हैं. छोटी ईयररिंग्स से लेकर पूरा ज्वेलरी सेट तक लिया जा सकता है.
जूट से बनी होने के कारण ये ज्वेलरी काफी हल्की होती है. कारीगर के मुताबिक, इसमें प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल किया जाता है और ये स्किन के लिए भी अच्छा है यही वजह है कि जो लोग भारी ज्वेलरी पहनना पसंद नहीं करते, उनके लिए भी यह अच्छा ऑप्शन हो सकता है.
