Last Updated:
Ghaziabad Fire Breaks: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम ‘पांडा बेबी प्रोडक्ट्स’ की एक खिलौना फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस भयानक आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार छा गया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर जुट गईं. फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है.
गाजियाबाद में खिलौना फैक्ट्री में लगी भीषण आग.
Ghaziabad Fire: गाजियाबाद में शनिवार शाम साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले व्यस्त साइट-4 इंडस्ट्रियल एरिया में एक खिलौना (टॉय) फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी. आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री से उठने वाली ऊंची लपटें तथा काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक आसमान में दिखाई देने लगा, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया.
प्राप्त शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह भयानक हादसा साइट-4 स्थित ‘पांडा बेबी प्रोडक्ट्स’ की टॉय फैक्ट्री में हुआ है. आशंका जताई जा रही है कि फैक्ट्री के अंदर शॉर्ट सर्किट होने की वजह से यह आग लगी, जिसने पलभर में प्लास्टिक और खिलौने बनाने वाले सामान को अपनी चपेट में ले लिया. आग लगने के साथ ही फैक्ट्री के भीतर काम कर रहे कर्मचारियों और आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई. आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें तेजी से आसपास के इलाकों में भी डर पैदा कर रही थीं.
दमकल की 10 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग (Fire Department) की टीम में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में साहिबाबाद, वैशाली और आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल की करीब 10 से ज्यादा गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना की गईं. सामने आए शॉट्स और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दमकल विभाग के जांबाज कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने की जद्दोजहद में जुटे हैं. फायर कर्मी लगातार पानी की बौछारें कर आग के फैलाव को रोकने का पुरजोर प्रयास कर रहे हैं.
नुकसान और हताहतों पर स्थिति स्पष्ट नहीं
घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद अभी तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है, जिसके कारण अंदर हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. दमकल अधिकारियों का कहना है कि आग की तीव्रता बहुत अधिक है, इसलिए पहले लपटों को शांत करने का काम किया जा रहा है. आग पूरी तरह बुझने के बाद ही कूलिंग ऑपरेशन चलाया जाएगा और उसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि फैक्ट्री को कितने का नुकसान हुआ है और अंदर कोई फंसा था या नहीं. इस हादसे के बाद एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों और फायर ऑडिट को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं.
About the Author
सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें
