Last Updated:
सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की थी. 101 करोड़ रुपये की धमाकेदार कमाई के साथ फिल्म का खाता खुला था. अब इस फिल्म ने 5वें दिन भारत में 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. इसी के साथ ‘टॉक्सिक’ ने थलापति विजय की ‘जन नायकन’ और सूर्या की ‘करुप्पु’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. हालांकि, इस शानदार शुरुआत के बाद से फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है.
नई दिल्ली. साउथ सिनेमा के सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से नेगेटिव रिव्यूज मिले. मगर ‘टॉक्सिक’ ने अपने ओपनिंग डे पर ही शानदार शुरुआत करते हुए भारत में 101 करोड़ से ज्यादा का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया. अब यश की इस मूवी ने भारत में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है.
इतनी धमाकेदार ओपनिंग के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि यह फिल्म कई नए रिकॉर्ड कायम करेगी. हालांकि, दूसरे ही दिन इसके कलेक्शन में बड़ी गिरावट देखी गई जो अब भी जारी है. वीकेंड पर भी कमाई बढ़ने के बजाय घट गई. मगर अच्छी बात है कि यह मूवी हर दिन डबल डिजिट में बिजनेस कर रही है.
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ ने रविवार को भारत में करीब 23 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल कलेक्शन 214 करोड़ तक पहुंच गया है, जबकि इसका ऑल इंडिया ग्रोस कलेक्शन 255.95 करोड़ रुपये हो चुका है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
फिल्म ने रविवार को सिनेमाघरों में 25.3 फीसदी की कुल ऑक्यूपेंसी दर्ज की और इसके देशभर में 16,241 शोज चलाए गए. हालांकि फिल्म भारत में 200 करोड़ का नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार कर चुकी है, लेकिन धमाकेदार ओपनिंग के बाद से इसकी दैनिक कमाई में लगातार गिरावट आ रही है.
भाषाओं के हिसाब से देखें तो ‘टॉक्सिक’ के सबसे ज्यादा 11,734 शोज हिंदी में थे. हिंदी वर्जन ने रविवार को 14.50 करोड़ की कमाई की और इसकी ऑक्यूपेंसी 24 फीसदी रही. वहीं, कन्नड़ वर्जन के 1,297 शोज चलाए गए, जिसने रविवार को 6.40 करोड़ का बिजनेस किया. तमिल भाषा में फिल्म के 1,416 शोज से 60 लाख की कमाई हुई, जबकि तेलुगू वर्जन के 1,541 शोज ने 1.40 करोड़ का कलेक्शन किया.
‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन भारत में 101.10 करोड़ की ताबड़तोड़ कमाई के साथ धमाकेदार खाता खोला था. लेकिन गुरुवार यानी दूसरे ही दिन फिल्म के कलेक्शन में भारी गिरावट आई और यह 37.65 करोड़ पर आ सिमटी, जो ओपनिंग डे के मुकाबले करीब 62.8 फीसदी की सीधी गिरावट थी. कमाई में गिरावट का यह सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा, जब फिल्म ने 27.20 करोड़ का बिजनेस किया. शनिवार को ‘टॉक्सिक’ का कलेक्शन और गिरकर 25.15 करोड़ नेट रह गया. इससे साफ है कि वीकेंड पर भी इसकी कमाई का ग्राफ लगातार नीचे ही जा रहा है.
अगर यश की पिछली ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर केजीएफ चैप्टर 2′ से करें, तो ‘टॉक्सिक’ 5 दिनों में उसकी आधी कमाई भी नहीं कर पाई है. ‘केजीएफ 2’ ने शुरुआती 5 दिनों के भीतर भारत में रिकॉर्ड 430.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया था. सैकनिल्क के मुताबिक ‘टॉक्सिक’ ने सूर्या की ‘करुप्पु’ (198.18 करोड़) और थलापति विजय की ‘जन नायकन’ (198.22 करोड़) के लाइफटाइम इंडिया नेट कलेक्शन के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया है.
गौरतलब है कि गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में सुपरस्टार यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, हुमा कुरैशी और अक्षय ओबेरॉय अहम भूमिकाओं में हैं. यश इस फिल्म के को-प्रोड्यूसर और को-राइटर भी हैं. खास बात है कि टॉक्सिक से यश ने लगभग चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की है.
