गाजियाबाद: मथुरा-वृंदावन नहीं जा पा रहे हैं तो इस जन्माष्टमी गाजियाबाद में ही ब्रज जैसा माहौल देखने को मिलेगा. राजनगर स्थित इस्कॉन मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को खास बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं. मंदिर को इस बार वृंदावन की थीम पर सजाया जा रहा है. फूलों की खास सजावट के साथ पूरे परिसर को ऐसा रूप देने की तैयारी है, जिससे श्रद्धालुओं को ब्रज के मंदिरों जैसा एहसास हो सके.
वृंदावन की थीम पर सजेगा इस्कॉन मंदिर
इस्कॉन राजनगर के अध्यक्ष आदिकर्ता दास ने बताया कि जन्माष्टमी के लिए मंदिर में बड़े स्तर पर सजावट की जा रही है. मुख्य मंदिर को एक टन से ज्यादा फूलों से सजाया जाएगा, जबकि पूरे मंदिर परिसर में करीब 10 टन फूलों का इस्तेमाल होगा. सजावट के लिए देश के अलग-अलग राज्यों के अलावा विदेशों से भी फूल मंगाए जा रहे हैं. इटली और रूस से भी फूल मंगवाए गए हैं. इन फूलों से मंदिर को आकर्षक और भव्य रूप दिया जाएगा.
जन्माष्टमी पर उमड़ेंगे लाखों श्रद्धालु
जन्माष्टमी के दिन इस्कॉन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इस बार चार लाख से अधिक लोगों के आने का अनुमान लगाया जा रहा है. इतनी बड़ी संख्या में भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के लिए विशेष तैयारी की जा रही है.
श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की जाएगी. व्यवस्था संभालने में इस्कॉन के वालंटियर के साथ गाजियाबाद पुलिस की टीम भी तैनात रहेगी. मंदिर और आसपास के इलाकों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में वालंटियर लगाए जाएंगे. मंदिर परिसर में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी. इसके जरिए आने-जाने वाले लोगों और पूरे परिसर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी तरह की परेशानी होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
घर बैठे कर सकेंगे दर्शन और अभिषेक
जो श्रद्धालु किसी वजह से जन्माष्टमी पर मंदिर नहीं पहुंच सकेंगे, उनके लिए इस्कॉन की ओर से ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. श्रद्धालु घर बैठे भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सकेंगे. इसके साथ ही ऑनलाइन अभिषेक कराने की सुविधा भी दी जाएगी.
इसके लिए श्रद्धालु इस्कॉन की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन अभिषेक के दौरान मंदिर में मौजूद सेवक श्रद्धालु की ओर से भगवान का अभिषेक करेंगे. इस पूरी प्रक्रिया को वीडियो कॉल के माध्यम से श्रद्धालु अपने घर से देख सकेंगे. इससे मंदिर नहीं पहुंच पाने वाले लोगों को भी जन्माष्टमी के उत्सव से जुड़ने का मौका मिलेगा.
देश-विदेश से पहुंचते हैं श्रद्धालु
हर साल जन्माष्टमी पर इस्कॉन राजनगर मंदिर में गाजियाबाद के साथ-साथ दूसरे शहरों और विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस बार वृंदावन थीम की सजावट, बड़ी संख्या में फूलों के इस्तेमाल और सुरक्षा व्यवस्था के साथ उत्सव को पहले से ज्यादा भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है.
