Last Updated:
Noida Botenical Garden Bus Stand: नोएडा के बॉटनिकल गार्डन बस स्टैंड की तस्वीर अब पूरी तरह बदलने वाली है. सेक्टर-38ए स्थित इस बस स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए 18 करोड़ रुपये का प्लान तैयार किया गया है. करीब 2.85 एकड़ में विकसित होने वाले बस स्टैंड में एक साथ 26 बसों की पार्किंग की व्यवस्था होगी.
बोटेनिकल गार्डन बस स्टैंड की तस्वीर.
नोएडा : यूपी में नोएडा के सेक्टर-38ए स्थित बॉटनिकल गार्डन बस स्टैंड की तस्वीर जल्द बदलने वाली है. नोएडा अथॉरिटी इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी में है. बस स्टैंड के विकास पर करीब 18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और एजेंसी का चयन भी कर लिया गया है. अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है.
करीब 2.85 एकड़ जमीन में बनने वाले इस नए बस स्टैंड में एक साथ 26 बसों के खड़े होने की व्यवस्था होगी. बसों के लिए शेड वाली पार्किंग बनाई जाएगी, जिससे बारिश और तेज धूप के दौरान भी यात्रियों को ज्यादा परेशानी न हो. इसके अलावा इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा देने के लिए यहां 8 से 10 चार्जिंग प्वाइंट भी बनाए जाएंगे.
नए बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधाओं का भी खास ध्यान रखा गया है. यहां प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, फूड कोर्ट और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इससे बस का इंतजार करने वाले यात्रियों को जरूरी सुविधाओं के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा.
इसके अलावा बस स्टैंड परिसर में 8 कियोस्क और 14 ऑटो के लिए अलग ड्रॉप एरिया बनाया जाएगा. यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यहां पुलिस चौकी भी बनाई जाएगी. इस पूरी योजना का मकसद बॉटनिकल गार्डन बस स्टैंड को आधुनिक और व्यवस्थित ट्रांसपोर्ट हब के तौर पर विकसित करना है.
नोएडा अथॉरिटी के सीनियर मैनेजर कपिल सिंह के मुताबिक, निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं. अगले 8 से 10 दिनों में काम शुरू हो सकता है. योजना के अनुसार 15 से 20 सितंबर के आसपास निर्माण कार्य शुरू होने की बात कही गई है. बस स्टैंड के तैयार होने के बाद यहां आने वाले यात्रियों को पहले के मुकाबले बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. साथ ही इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग की सुविधा मिलने से शहर के सार्वजनिक परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा.
About the Author
अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें
