नवरात्रि स्पेशलः दिल्ली के इन 5 मार्केट्स में करें कपड़ों की शॉपिंग, Garba से Dandiya तक के लिए मिलेंगे शानदार Outfits

नई दिल्लीः नवरात्रि का त्योहार नजदीक आते ही लड़कियों के बीच गरबा, डांडिया और ट्रेडिशनल लुक को लेकर एक्साइटमेंट बढ़ जाती है. कोई खूबसूरत चनिया चोली तलाश रही है, तो कोई ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी, रंग-बिरंगे दुपट्टे और ट्रेडिशनल फुटवियर की शॉपिंग में जुटी है. अगर आप भी नवरात्रि के लिए अपने वॉर्डरोब को ट्रेडिशनल टच देना चाहती हैं, तो दिल्ली की कुछ ऐसी मार्केट्स हैं जहां बजट में काफी अच्छी शॉपिंग की जा सकती है.

जनपथ मार्केटः बजट में ट्रेंडी ज्वेलरी और ट्रेडिशनल एक्सेसरीज
दिल्ली की जनपथ मार्केट लड़कियों की शॉपिंग के लिए हमेशा से पसंदीदा जगह रही है. नवरात्रि के दौरान यहां ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी, झुमके, नेकपीस, चूड़ियां और ट्रेडिशनल एक्सेसरीज की कई वैरायटी मिल जाती हैं. यहां कम बजट में अपने गरबा आउटफिट को और खास बनाया जा सकता है. मार्केट में एंट्री करते ही बाईं तरफ मौजूद दुकानों और तिब्बतन मार्केट वाली लेन में भी कई तरह की ज्वेलरी मिलती है.

लाजपत नगर सेंट्रल मार्केटः चनिया चोली और इंडो-वेस्टर्न लुक
अगर आप नवरात्रि में थोड़ा स्टाइलिश और कलरफुल लुक चाहती हैं, तो लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट अच्छा ऑप्शन है. यहां ट्रेडिशनल स्कर्ट, मिरर वर्क वाले टॉप, कुर्तियां, दुपट्टे और इंडो-वेस्टर्न आउटफिट्स मिल जाते हैं. कॉलेज गर्ल्स से लेकर ऑफिस जाने वाली महिलाएं तक यहां अपने बजट के हिसाब से शॉपिंग कर सकती हैं. खास बात यह है कि यहां ट्रेडिशनल कपड़ों को मॉडर्न स्टाइल के साथ पेयर करने के लिए भी कई विकल्प मिलते हैं.

सरोजिनी नगर मार्केटः कम कीमत में फैशनेबल नवरात्रि लुक
बजट शॉपिंग की बात हो और सरोजिनी नगर का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. नवरात्रि के लिए यहां रंग-बिरंगे क्रॉप टॉप, फ्लेयर्ड स्कर्ट, मिरर वर्क वाले कपड़े, दुपट्टे और फैशन एक्सेसरीज तलाश सकती हैं. अगर आप पूरा ट्रेडिशनल लुक नहीं चाहतीं और इंडो-वेस्टर्न स्टाइल में गरबा नाइट के लिए तैयार होना चाहती हैं, तो यह मार्केट आपके लिए काफी काम की हो सकती है.

कमला नगर मार्केटः कॉलेज गर्ल्स के लिए किफायती शॉपिंग
दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस के पास स्थित कमला नगर मार्केट कॉलेज स्टूडेंट्स के बीच काफी लोकप्रिय है. नवरात्रि के दौरान यहां कुर्तियां, स्कर्ट, दुपट्टे, ज्वेलरी और फुटवियर की शॉपिंग की जा सकती है. कम बजट में पूरा लुक तैयार करने की चाह रखने वाली लड़कियों के लिए यह मार्केट अच्छा विकल्प है. यहां ट्रेडिशनल और कैजुअल दोनों तरह के कपड़ों को मिलाकर एक अलग लुक बनाया जा सकता है.

चांदनी चौकः ट्रेडिशनल कपड़ों से लेकर फुटवियर तक की पूरी शॉपिंग
अगर आप नवरात्रि के लिए पूरी तरह ट्रेडिशनल लुक चाहती हैं, तो चांदनी चौक का रुख कर सकती हैं. यहां लहंगा, दुपट्टा, कुर्ती, फैब्रिक, चूड़ियां और ट्रेडिशनल फुटवियर की कई वैरायटी मिलती है. शादी या त्योहार के लिए शॉपिंग करने वाली लड़कियों के बीच यह मार्केट खासा लोकप्रिय है. यहां आपको अपने बजट और पसंद के हिसाब से सिंपल से लेकर हैवी ट्रेडिशनल लुक तक के विकल्प मिल सकते हैं.

शॉपिंग से पहले इन बातों का रखें ध्यान
नवरात्रि की शॉपिंग के दौरान अगर आप बजट में अच्छा लुक तैयार करना चाहती हैं, तो पहले अपना आउटफिट तय कर लें. इसके बाद ही ज्वेलरी, फुटवियर और दुपट्टे को चूस करें. गरबा नाइट के लिए ऐसे कपड़े चुनें जिनमें आप आसानी से डांस और मूवमेंट कर सकें.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *