Good News: 7084 करोड़ का एक्‍सप्रेसवे, द‍िल्‍ली-NCR के 5 शहरों की मौज, कैसे ये सुपर कॉरिडोर जाम को करेगा तमाम

New Expressway to Delhi NCR: दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है. एक शहर से दूसरे शहर में जाने के लिए घंटों ट्रैफिक जाम में फंसने वाले लोगों को अब इस सबसे मुक्ति मिलने जा रही है. 91 किलोमीटर लंबा एक ही सुपर कॉरिडोर दिल्ली-एनसीआर में 5 शहरों को ऐसे जोड़ेगा कि वाहन इस पर फर्राटा भरेंगे और बाहर-ही बाहर एक शहर से दूसरे शहर में पहुंच जाएंगे. इस एक्सप्रेसवे की रफ्तार भी इतनी होगी कि दिल्ली से नोएडा एयरपोर्ट पहुंचने में मात्र 45 मिनट लगेंगे.

दिल्ली-एनसीआर के पांच बड़े शहरों दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोहना को जोड़ने वाला 91 किलोमीटर लंबा नया लिंक एक्सप्रेसवे अपने अंतिम चरण में है. यह हाईस्पीड कॉरिडोर न सिर्फ इन शहरों के बीच आवागमन आसान बनाएगा, बल्कि सुपर स्पीड कनेक्टिविटी के साथ ही जाम फ्री यात्रा का तोहफा भी देगा.

हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बताया था कि यह छह लेन का एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे दिल्ली से नोएडा एयरपोर्ट पहुंचने का समय आधा कर देगा. इस सुपर कॉरिडोर से पूरे एनसीआर को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी. इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 7,084 करोड़ रुपये है. एक्सप्रेसवे के दोनों ओर तीन-तीन लेन की सर्विस रोड भी बनाई जा रही हैं.’

दिल्ली-एनसीआर के पांच बड़े शहरों दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोहना को जोड़ने वाला 91 किलोमीटर लंबा नया लिंक एक्सप्रेसवे अपने अंतिम चरण में है.

बता दें कि 5 शहरों में कनेक्टिविटी देने वाले इस लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण एनएचएआई कर रहा है.

कहां से शुरू होगा और कहां तक
91 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर दिल्ली के डीएनडी फ्लाईवे से शुरू होगा. इसके बाद महारानी बाग कनेक्टिविटी पॉइंट से निकलकर यमुना किनारे कालिंदी कुंज तक जाएगा. वहां से दिल्ली बॉर्डर तक का नौ किलोमीटर हिस्सा ज्यादातर एलिवेटेड है. इसमें सात किलोमीटर का सेक्शन ओखला विहार और कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशनों के ऊपर से करीब 27 मीटर ऊंचाई पर गुजरेगा. कालिंदी कुंज के पास आगरा नहर पर 140 मीटर लंबा आर्च ब्रिज बन रहा है जो अंतिम चरण में है. ये दिल्ली-फरीदाबाद हिस्से का मुख्य जोड़ होगा.

मीठापुर टोल पार करने के बाद हाईवे फरीदाबाद बाईपास रोड पर चढ़ेगा. सेक्टर-65 फरीदाबाद के पास यह दो हिस्सों में बंट जाएगा. एक हिस्सा सीधे सोहना की ओर जाएगा और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के नूंह इंटरचेंज से जुड़ जाएगा. जबकि इसका दूसरा 32 किलोमीटर का लिंक एक्सप्रेसवे यमुना एक्सप्रेसवे और नोएडा एयरपोर्ट के दयानतपुर गांव तक पहुंचेगा. यह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को मोहना के पास क्रॉस करेगा.

क्या क्या होगा इसमें खास?
इस पूरे 91 किलोमीटर रूट में आठ बड़े एलिवेटेड सेक्शन, दस फ्लाईओवर, छह बड़े अंडरपास और रेलवे ओवरब्रिज शामिल हैं. डीएनडी से सोहना तक 59 किलोमीटर और जेवर एयरपोर्ट का 32 किलोमीटर लिंक रूट इसमें शामिल है.

समय बचेगा, टेंशन बचेगी, स्मूद होगी यात्रा
फिलहाल आश्रम या सराय काले खां से नोएडा एयरपोर्ट जाने में दो से ढाई घंटे लगते हैं. नए एक्सप्रेसवे से यह सफर महज 45 से 50 मिनट में पूरा हो जाएगा. यह दिल्ली-गुरुग्राम-फरीदाबाद के यात्रियों के लिए एनएच-48 और मथुरा रोड का बेहतर विकल्प बनेगा.

फरीदाबाद-गुरुग्राम को होगा ये फायदा
फरीदाबाद में सैनिक कॉलोनी के पास अरुण जेटली राष्ट्रीय वित्तीय प्रबंधन संस्थान से शुरू होने वाली एलिवेटेड रोड बड़खल-अनखीर गांव और एशियन अस्पताल होते हुए अमृता हॉस्पिटल तक तेज कनेक्टिविटी देगी. बड़खल झील के पास एक इंटरचेंज भी बनेगा.

गुरुग्राम में सदर्न पेरिफेरल एलिवेटेड रोड का निर्माण भी शुरू हो रहा है. गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ने इसके लिए 754 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है. यह 4.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड द्वारका एक्सप्रेसवे को गुरुग्राम-सोहना हाईवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा. इससे द्वारका एक्सप्रेसवे से सोहना का सफर 45 मिनट से घटकर 15 मिनट रह जाएगा.

यह सुपर कॉरिडोर एनसीआर के शहरों को एक-दूसरे से और जेवर एयरपोर्ट से तेज रफ्तार से जोड़ेगा. कुछ महीनों में इसके चालू होने की उम्मीद है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *