Last Updated:
Pravesh Verma Slap Victim Sahib Singh History: तिलक नगर में मंत्री प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड ने दिल्ली में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है. एक नौजवान को थप्पड़ मारे जाने के बाद राहुल गांधी ने दिल्ली सरकार पर तीखा प्रहार किया. सामने आया है कि प्रवेश वर्मा से थप्पड़ खाने वाले साहिब सिंह के खिलाफ पहले से ही एमसीडी कर्मी से मारपीट की FIR दर्ज है और वह जमानत पर हैं. इस हाई-वोल्टेज ड्रामे पर बीजेपी और विपक्ष आमने-सामने हैं.
पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दिल्ली की राजनीति में इस वक्त पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड ने हलचल मचा रखी है. इस पूरे मामले पर अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी के बयान और तिलक नगर थाने में दर्ज FIR सामने आने के बाद सियासी पारा चढ़ गया. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला. दूसरी तरफ, इस मामले में कानूनी एंगल भी सामने आया है. वीडियो बना रहे साहिब सिंह को प्रवेश वर्मा ने थप्पड़ मारा. तिलक नगर थाने में इसी साल 2 जून को एक FIR दर्ज की गई थी. एमसीडी में अस्थायी कर्मचारी धन बहादुर की शिकायत पर साहिब सिंह और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी. यह मामला कूड़ा उठाने के दौरान एक विवाद से जुड़ा है. घटनाक्रम पर पलटवार करते हुए बीजेपी नेता परवेश वर्मा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बताया कि उनकी मां को अपशब्द कहे गए थे, जिसके चलते उन्हें गुस्सा आया. आइए जानते हैं कि आखिर इस पूरे विवाद की असल कहानी क्या है और इसके पीछे की इनसाइड स्टोरी क्या कहती है.
राहुल गांधी का तंज
दिल्ली में राजनीतिक पारा उस समय हाई हो गया जब एक वीडियो सामने आया जिसमें मंत्री प्रवेश वर्मा एक नौजवान को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं. पीड़ित का गुनाह सिर्फ इतना था कि वह सड़क पर हो रहे काम का वीडियो बना रहा था. इस घटना के सामने आने के बाद अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी तीखा हमला बोला. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जब सरकारें अपनी जीत को पक्का मान लेती हैं, तो उन्हें जनता की रज़ामंदी नहीं बल्कि खामोशी और अंधभक्ति चाहिए होती है. सड़क पर सवाल पूछने पर थप्पड़, पेपर लीक पर लाठी और संसद में माइक बंद करना अब आम बात हो गई है.
बेल पर बाहर है प्रवेश वर्मा से थप्पड़ खाने वाला शख्स
इस पूरे मामले में एक नया मोड़ तब आया जब यह पता चला कि जिस शख्स साहिब सिंह पर थप्पड़ मारने और विवाद का आरोप है, उसके खिलाफ पहले से ही एक मामला दर्ज है. 2 जून 2026 को दिल्ली के तिलक नगर थाने में दर्ज FIR के मुताबिक, एमसीडी के एक अस्थायी कर्मचारी धन बहादुर (उम्र 36 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी. FIR के अनुसार, जब वह कूड़ा उठाने वाली गाड़ी के साथ कृष्णापुरी इलाके में थे, तब डंपिंग को लेकर एक विवाद हुआ था. इस दौरान मौके पर मौजूद सीसीटीवी फुटेज में साहिब सिंह कथित तौर पर एमसीडी कर्मी के साथ हाथापाई करते हुए कैद हुए थे, जिस मामले में वह पहले गिरफ्तार भी हो चुके हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. साहिब सिंह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और जननेता जरनैल सिंह का सोशल मीडिया संभालते हैं.
प्रवेश वर्मा का राहुल गांधी को जवाब
दूसरी तरफ, इस पूरे विवाद पर पलटवार करते हुए परवेश वर्मा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है और राहुल गांधी के बयानों पर तंज कसते हुए कहा है कि उन्हें जमीनी हकीकत का कुछ पता नहीं है. बहरहाल, जनता के बीच यह सवाल बड़ा हो गया है कि क्या जनप्रतिनिधियों और उनके सहयोगियों का ऐसा रवैया लोकतंत्र के लिए सही है?
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…
और पढ़ें
