Last Updated:
Home Remedy To Prevent Lumpy Disease: हमारे देश में पशुपालन को खेती के बाद ग्रामीण अर्थव्यवस्था का बड़ा स्रोत माना जाता है. सदियों से गांवों में पशुपालन की परंपरा रही है. ग्रामीण इलाकों के घरों में चले जाएंगे तो आपको गाय-भैंस देखने को मिल ही जाएंगी. समय के साथ पशुपालन का दायरा बढ़ता ही जा रहा है. अब लोग पशुपालन को व्यापारिक दृष्टिकोण से भी करने लगे हैं. पशुपालन शुरू करना आसान होता है, लेकिन लंबे समय तक इस व्यवसाय को चलाना मुश्किल होता है, क्योंकि इस दौरान कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है. बदलते मौसम के साथ पशुओं में कई तरह की बीमारियां भी होती हैं. इनमें से कुछ बीमारियां ज्यादा घातक होती हैं. ऐसी ही घातक बीमारियों में लम्पी डिजीज भी शामिल है.
पशु एक्सपर्ट का कहना है कि इस बीमारी से पशुपालकों को बड़ा नुकसान होता है, क्योंकि इसके इलाज में काफी खर्च करना पड़ता है. कई बार पशुधन के बचने की संभावना भी कम रहती है. ऐसे में पशुपालकों को इस घातक बीमारी से बचाव के सही तरीके पता होना जरूरी है.
लोकल 18 से बात करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र, गंधार, जहानाबाद के पशु एक्सपर्ट डॉक्टर दिनेश महतो ने लम्पी बीमारी से बचाव के लिए एक घरेलू उपाय बताया. उन्होंने जिन चीजों का जिक्र किया, वे घर के आसपास आसानी से मिल सकती हैं.
डॉ. दिनेश महतो ने कहा कि लम्पी बीमारी एक घातक रोग है. यह रोग ज्यादातर गायों में देखने को मिलता है. इसके लक्षणों के बारे में उन्होंने बताया कि इस बीमारी में शरीर पर छोटे-छोटे फोड़े हो जाते हैं. जब उन पर मक्खियां बैठती हैं तो फोड़े फूट सकते हैं और एक पशु से दूसरे पशु में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है. इस तरह एक साथ कई पशुओं में बीमारी फैल सकती है. ऐसे में बचाव के लिए अपने डेयरी फार्म में लगातार चूने का छिड़काव करते रहें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसके साथ ही फिनायल से सफाई करते रहें. ब्लीचिंग पाउडर का भी लगातार छिड़काव करना जरूरी होता है. डॉ. महतो आगे बताते हैं कि लम्पी डिजीज के लिए नीम के पत्ते, इमली, हल्दी और फिटकरी का मिश्रण तैयार किया जा सकता है. इसके लिए पानी में इन सभी चीजों को थोड़ी देर गर्म कर लें.
जब यह पानी ठंडा हो जाए तो उससे बीमार पशु के शरीर को साफ करें. साथ ही, इसे पशु को पिलाने की भी सलाह दी गई है. उनके मुताबिक, ऐसा करने से मक्खियों के बैठने का खतरा कम हो सकता है और बीमारी के फैलने की आशंका भी घट सकती है. यह उपाय पशुपालक घर के आसपास उपलब्ध चीजों से तैयार कर सकते हैं.
