Last Updated:
Potato Bread Balls Recipe: रोज-रोज एक ही नाश्ता करके परेशान हो गए हैं और शाम के समय कुछ चटपटा खाने का मन है, तो आप टेस्टी आलू ब्रेड बॉल्स ट्राई कर सकते हैं. बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम ‘आलू ब्रेड बॉल’ बच्चों से लेकर बड़ों तक को पसंद आ सकता है. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.
शाम के समय अगर चाय के साथ कुछ ऐसा खाने का मन हो जो स्वादिष्ट होने के साथ झटपट तैयार भी हो जाए, तो ‘आलू ब्रेड बॉल’ एक बेहतरीन डिश होगा, जिसे खाते ही आप दोबारा भूल नहीं पाएंगे. इसे बनाने के लिए बाजार में आसानी से मिलने वाली ब्रेड, आलू और कुछ मसालों की जरूरत पड़ती है. बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम ‘आलू ब्रेड बॉल’ बच्चों से लेकर बड़ों तक को पसंद आ सकता है. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.
आलू ब्रेड बॉल बनाने के लिए ब्रेड, आलू, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला, मैदा तलने के लिए तेल और स्वाद के लिए नींबू की जरूरत पड़ती है. इन सामानों को पहले इकट्ठा कर लें और फिर इस खास रेसिपी को बनाना शुरू करें.
आलू ब्रेड बॉल बनाने के लिए सबसे पहले कुकर में आलू को उबालकर अच्छी तरह ठंडा कर लें. इसके बाद आलू को छीलकर एक बड़े बर्तन में अच्छी तरह मैश कर लें. इस बात का ध्यान रखें कि आलू ज्यादा ना उबले, वरना पानी छोड़ सकता है और फिर इससे बॉल बनाने में दिक्कत हो सकती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें. इसके बाद लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा नींबू का रस भी डाला जा सकता है. अब मिश्रण को अच्छी तरह मिलाने के बाद इसकी छोटी-छोटी गोलियां बना लें. ध्यान रखें कि आलू का मिश्रण बहुत ढीला न हो, वरना बॉल्स बनाते समय परेशानी हो सकती है.
एक तरफ आप ब्रेड के किनारे के हिस्सों को काटकर उसे मिक्सर में बारीक कर लें. याद रखें कि ब्रेड एकदम पाउडर नहीं बनाना है. इसके साथ ही आपको मैदा का एक घोल भी तैयार करना है. घोल को एकदम हल्का ना करें, क्योंकि फिर ये घोल आलू में सही से नहीं चिपकेगा.
अब आलू की गोलियां तैयार होने के बाद इसे तैयार मैदे के घोल में डाल दें और इसे अच्छी तरह मैदे में डूबा दें, ताकि घोल आलू गोली के चारों तरफ लग जाए. अब घोल में से आलू की गोलियां निकालकर पीसे हुए ब्रेड में डाल दें और इसे अच्छी तरह से ब्रेड के घोल में घुमाएं, ताकि ब्रेड आलू की गोली के चारों ओर लग जाए.
इसके बाद एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद इसमें एक-एक करके तैयार ब्रेड बॉल्स को डालें और मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. बहुत तेज आंच पर इन्हें तलने से बाहर की ब्रेड जल्दी ब्राउन हो सकती है, जबकि अंदर का हिस्सा सही से नहीं पकेगा. इसलिए इन्हें मध्यम आंच पर धीरे-धीरे तलना बेहतर रहता है.
जब ब्रेड बॉल्स चारों तरफ से सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं, तो उन्हें निकालकर टिश्यू पेपर पर रख दें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए. अब गरमा-गरम ‘आलू ब्रेड बॉल’ को हरी धनिया-पुदीना चटनी, टोमैटो सॉस या अपनी पसंद की डिप के साथ सर्व कर सकते हैं. बाहर से कुरकुरी ब्रेड और अंदर मसालेदार आलू का स्वाद इस स्नैक को खास बनाता है.
