11वां दिन, 13 खेल… भारत की झोली में गिरेंगे कितने मेडल? जानिए सुबह से शाम तक का पूरा प्लान

नई दिल्ली. एशियाई खेलों 2026 में 11वें दिन भी भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा. इन खेलों में मंगलवार को भारत कुल 13 अलग-अलग खेलों में हिस्सा ले रहा है. इसमें एथलेटिक्स, कुराश, बॉक्सिंग और शूटिंग जैसे खेलों में कई अहम मेडल इवेंट्स शामिल हैं, जहां देश के एथलीटों पर पदक जीतने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.

दिन की शुरुआत तीरंदाजी और साइक्लिंग से होगी. तीरंदाजी में अलसुबह 5:30 बजे से रिकर्व पुरुषों के व्यक्तिगत 1/16 एलिमिनेशन दौर में धीरज बोम्मादेवरा का मुकाबला तय होना बाकी है, जबकि नीरज चौहान इंडोनेशिया के रिआउ एगा अगाता साल्साबिला से भिड़ेंगे. इस चरण को पार करने के बाद सुबह 6:10 बजे से 1/8 एलिमिनेशन मुकाबले खेले जाएंगे. महिलाओं की श्रेणी में सुबह 9:45 बजे से कीर्ति का सामना वियतनाम की फुओंग थाओ हुआंग से और कुमकुम मोहोड का सामना मंगोलिया की उरांतंगलैग बिशिंदी से होगा. सफल होने पर ये तीरंदाज सुबह 10:25 बजे से अगले दौर के मुकाबलों में नजर आएंगी.

एथलेटिक्स: ट्रैक एंड फील्ड में पदकों की उम्मीद
दोपहर का समय काफी रोमांचक रहने वाला है, जहां भारत के पास पदकों की बारिश करने का बेहतरीन मौका रहेगा. दोपहर 2:50 बजे पुरुषों के पोल वॉल्ट फाइनल में देव मीणा और कुलदीप कुमार अपनी किस्मत आजमाएंगे. इसके बाद दोपहर 3:35 बजे महिलाओं की हाई जंप फाइनल में पूजा सिंह और सुप्रिया बासवरराजू अपनी ऊंची छलांग से पदक साधने उतरेंगी. शाम 4:05 बजे महिलाओं के हैमर थ्रो फाइनल में तान्या चौधरी और अनुष्का यादव भारत की चुनौती पेश करेंगी.

दौड़ स्पर्धाओं की बात करें तो दोपहर 4:20 बजे महिलाओं की 800 मीटर फाइनल में पूजा और 4:35 बजे पुरुषों की 800 मीटर फाइनल में मोहम्मद अफसाल अपनी ताकत दिखाएंगे. इसके तुरंत बाद शाम 4:45 बजे पुरुषों के 5000 मीटर फाइनल में अनुभवी अविनाश साब्ले और गुलवीर सिंह भारतीय चुनौती की कमान संभालेंगे. शाम के समय रिले रेस का रोमांच भी चरम पर रहेगा. शाम 5:18 बजे 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले का फाइनल होगा. वहीं शाम 5:35 बजे महिलाओं की 4×400 मीटर रिले फाइनल में नीरू पाठक, अंसा बाबू, कुमारी सलोनी नागर, रशदीप कौर और एमआर पूवम्मा की भारतीय टीम उतरेगी, जिसके बाद शाम 5:47 बजे पुरुषों की 4×400 मीटर रिले टीम भी पदक के लिए जोर लगाएगी.

बॉक्सिंग: सेमीफाइनल में पदक पक्के करने की जंग
मुक्केबाजी के रिंग में भी भारत के लिए बड़ा दिन है, जहां तीन मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्का करने के इरादे से उतरेंगे. सुबह 10:15 बजे महिलाओं के 65 किग्रा सेमीफाइनल में परवीन हुड्डा का सामना चीन की ली शू से होगा. सुबह 11:00 बजे पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में अंकुश पंघाल का मुकाबला उज्बेकिस्तान के फजलिद्दीन एरकिनबोएव से होगा, जबकि सुबह 11:30 बजे पुरुषों के +90 किग्रा सेमीफाइनल में नरेंद्र बेरवाल कजाकिस्तान के ऐबेक ओरलबाय की चुनौती का सामना करेंगे.

कुराश: विपिन कुमार पर टिकी नजरें
मार्शल आर्ट्स खेल कुराश में सुबह 6:24 बजे से पुरुषों के -66 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में विपिन कुमार अपना दांव खेलेंगे. योग्यता हासिल करने पर वे सुबह 8:00 बजे से क्वार्टर फाइनल, 10:50 बजे से सेमीफाइनल और सुबह 11:45 बजे फाइनल मुकाबले में मेडल के लिए उतरेंगे.

शूटिंग: ट्रैप स्पर्धा का निर्णायक दिन
शूटिंग रेंज पर ट्रैप स्पर्धा का निर्णायक दिन है. सुबह 6:30 बजे से ट्रैप पुरुष (अहवर रिजवी, काइनान चेनाई, शपाथ भारद्वाज) और ट्रैप महिला (मनीषा कीर, आशिमा अहलावत, नीरू) की टीम क्वालिफिकेशन और टीम फाइनल का तीसरा दिन खेलेंगी. क्वालिफिकेशन पूरा होने पर सुबह 10:30 बजे महिलाओं का ट्रैप इंडिविजुअल फाइनल और दोपहर 12:00 बजे पुरुषों का ट्रैप इंडिविजुअल फाइनल आयोजित होगा.

साइक्लिंग: स्प्रिंट और पर्स्यूट में जोर आजमाईश 
साइक्लिंग में सुबह 6:30 बजे महिलाओं की टीम स्प्रिंट क्वालिफाइंग में सेलेस्टिना, सरिता कुमारी और कीर्ति रंगास्वामी चिक्का तथा 6:48 बजे पुरुषों की टीम स्प्रिंट क्वालिफाइंग में रोजित सिंह, डेविड बेकहम, रोनाल्डो सिंह और जेमश सिंह उतरेंगे. इसके बाद 7:12 बजे महिलाओं की टीम पर्स्यूट क्वालिफाइंग होगी. क्वालिफाई करने पर दोपहर के समय इनके फर्स्ट राउंड और मेडल रेस आयोजित किए जाएंगे.

टेनिस: दूसरे दौर और डबल्स के कड़े मुकाबले
टेनिस में भी भारतीय खिलाड़ी एक्शन में होंगे. सुबह 10:00 बजे पुरुषों के सिंगल्स दूसरे दौर में दक्षिणेश्वर सुरेश का सामना इंडोनेशिया के गुणवान त्रिस्मुवंतारा से होगा. दोपहर 12:30 बजे के बाद सुमित नागाल दक्षिण कोरिया के सेयोंगचान होंग से टकराएंगे. इसी समय पुरुषों के डबल्स में अनिरुद्ध चंद्रशेखर व बालाजी नारायणस्वामी की जोड़ी नेपाल के खिलाड़ियों से और युकी भांबरी व दक्षिणेश्वर सुरेश की जोड़ी कजाकिस्तान के खिलाड़ियों से भिड़ेगी. दोपहर 3:30 बजे के बाद मिक्स्ड डबल्स में अंकिता रैना और बालाजी नारायणस्वामी की जोड़ी हॉन्ग कॉन्ग की जोड़ी का सामना करेगी.

वाटर स्पोर्ट्स व अन्य खेल: कई विधाओं में उतरेंगे एथलीट
वाटर स्पोर्ट्स और अन्य खेलों में भी भारत अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा. कैनो स्प्रिंट में सुबह 7:00 बजे से पुरुषों की कयाक सिंगल में प्रद्युम्न सिंह राठौड़ व हितेश केवल, महिलाओं की कैनो सिंगल में पल्लवी जगताप व रीना सेन और महिलाओं की कयाक सिंगल में शिखा चौहान अपनी चुनौती पेश करेंगी. सेलिंग में सुबह 7:30 बजे से विभिन्न कैटेगरी में श्रद्धा वर्मा, रविंद्र कुमार शर्मा, मन्नू फ्रांसिस, प्रिंस नोबल, हर्षिता तोमर, शीतल वर्मा, माही वर्मा, विष्णु सर्वणन, नेथरा कुमानन और कात्या इडा कोएल्हो उतरेंगे.

सर्फिंग में सुबह 4:54 बजे पुरुषों के शॉर्टबोर्ड क्वार्टर फाइनल में किशोर कुमार अनबरसु फिलीपींस के टोबी एस्पोजोन से भिड़ेंगे. आगे बढ़ने पर वे उसी दिन सेमीफाइनल, कांस्य या स्वर्ण पदक मैच खेलेंगे. स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग में सुबह 9:00 बजे महिलाओं के स्पीड 4 क्वालिफिकेशन में जोगा पूर्ति चुनौती पेश करेंगी.

टीम इवेंट्स: कबड्डी में दबदबा बनाने का मौका
टीम इवेंट्स की बात करें तो कबाड्डी में सुबह 6:30 बजे महिला टीम ईरान से और दोपहर 12:30 बजे पुरुष टीम कतर के खिलाफ अपनी बढ़त बनाने के इरादे से मैदान में उतरेगी.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *