गाजियाबाद में क्यों बढ़ रही सेकंड हैंड बाइकों की डिमांड? कम कीमत या कुछ और… कारोबारी ने बताई असल वजह

Last Updated:

Ghaziabad news: अब रोजमर्रा के सफर के लिए नए वाहन ना खरीदकर सेकंड हैंड बाइक और स्कूटी खरीदने बाजार का रुख कर रहे हैं. इसका असर गाजियाबाद के पुराने बस अड्डे के आसपास स्थित दोपहिया बाजार में साफ दिखाई दे रहा है.

गाजियाबाद: एनसीआर में 15 साल पुराने वाहनों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई के बाद गाजियाबाद के सेकंड हैंड दोपहिया बाजार में हलचल बढ़ गई है. एक तरफ पुराने वाहन मालिक कार्रवाई से पहले अपनी बाइक-स्कूटी बेचने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं तो दूसरी तरफ जिन लोगों के पुराने वाहन परिवहन विभाग की कार्रवाई में जब्त हो चुके हैं, वे अब रोजमर्रा के सफर के लिए नए वाहन ना खरीदकर सेकंड हैंड बाइक और स्कूटी खरीदने बाजार का रुख कर रहे हैं. इसका असर गाजियाबाद के पुराने बस अड्डे के आसपास स्थित दोपहिया बाजार में साफ दिखाई दे रहा है, जहां कारोबारियों के मुताबिक ग्राहकों की संख्या पहले के मुकाबले बढ़ी है.

गाजियाबाद के पुराने बस अड्डे के पास संतोष अस्पताल के आसपास स्थित सेकंड हैंड दोपहिया वाहनों की मार्केट में इन दिनों ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है. यहां करीब 40 से 50 दुकानें हैं, जहां बाइक और स्कूटी दोनों की खरीद-बिक्री होती है. गुरु कृपा मोटर्स के कारोबारी रंजीत के मुताबिक, पहले उनके कारोबार में करीब 30 प्रतिशत तक का रिस्पॉन्स रहता था, जो अब बढ़कर 50 प्रतिशत से अधिक हो गया है. उनका कहना है कि पुराने वाहनों को लेकर चल रही कार्रवाई के कारण कई वाहन मालिक अपनी गाड़ी पहले ही बेचने के लिए बाजार में पहुंच रहे हैं.

कम कीमत में ग्राहक तलाश रहे गाड़ी
व्यापारी रंजीत ने बताया कि बाजार में हर बजट के ग्राहक हैं. कुछ लोग 20 से 25 हजार रुपये की बाइक या स्कूटी तलाश रहे हैं, जबकि कुछ ग्राहक एक लाख रुपये तक का वाहन खरीदना चाहते हैं. हालांकि कम बजट वाले दोपहिया वाहनों की मांग ज्यादा दिखाई दे रही है. उनके मुताबिक, सेकंड हैंड बाइक और स्कूटी की कीमत करीब 15 हजार रुपये से शुरू हो जाती है और वाहन की हालत, मॉडल और उम्र के हिसाब से कीमत आगे बढ़ती है.

बाजारों में सिर्फ पुराने वाहन बेचने वाले ही नहीं, बल्कि स्क्रैप होने वाले वाहनों के मालिक भी बाजार से जुड़ रहे हैं. कई लोग पुराने वाहन को स्क्रैप कराने के बाद उसमें मिलने वाली रकम और अपनी तरफ से 10 से 15 हजार रुपये अतिरिक्त लगाकर दूसरी गाड़ी लेने की कोशिश कर रहे हैं. इससे कम कीमत वाली पुरानी बाइक और स्कूटी की खरीद-बिक्री को भी सहारा मिल रहा है.

स्क्रैपिंग सेंटर तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू
गाजियाबाद में परिवहन विभाग की ओर से एंड-ऑफ-लाइफ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी है और अधिकारियों ने ऐसे वाहनों को अधिकृत स्क्रैपिंग सेंटर तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू की है. ऐसे में सेकंड हैंड दोपहिया बाजार में आने वाले दिनों में भी पुराने वाहनों की बिक्री और कम बजट वाली बाइक-स्कूटी की मांग पर नजर रहेगी. पुराने बस अड्डे के फ्लाईओवर से उतरते ही संतोष अस्पताल के आसपास दोनों तरफ सेकंड हैंड बाइक-स्कूटी की दुकानें हैं. यहां बाइक और स्कूटी दोनों आसानी से मिल जाती हैं.

About the Author

आर्यन सेठ

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *