बलिया: अगर आप भी बाजार में चमकते बैंगन देखकर तुरंत खरीद लेते हैं, तो जरा सावधान हो जाइए साहब… विशेषज्ञों ने साफ चेतावनी दी है कि केवल चमक देखकर बैंगन की गुणवत्ता का अंदाजा लगाना गलत हो सकता है. कई बार साधारण दिखने वाले बैंगन भी ज्यादा बेहतर होते हैं. सही बैंगन की पहचान के लिए कुछ खास बातों का ध्यान रखना बहुत ही जरूरी होता है. आइए जानते हैं कि सही और स्वस्थ बैंगन की पहचान को लेकर बलिया के फेमस कृषि एक्सपर्ट ने क्या कुछ कहा.
बैंगन खरीदते समय सिर्फ चमक देखकर न करें भरोसा
श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय बलिया के मृदा विज्ञान और कृषि रसायन विभाग के एचओडी प्रो. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बैंगन रसोई में अधिकतर पसंद की जाने वाली ऐसी सब्जी है, जिसके कई व्यंजन बनाए जाते हैं. ताजे बैंगन का छिलका चिकना होना चाहिए. उसका डंठल हरा और वजन आकार के अनुसार सीमित होना महत्वपूर्ण है.
हल्का दबाने पर वापस आकार में आए तो समझें ताजा है
बैंगन को हल्का दबाने पर वह वापस अपने आकार में आ जाए तो समझिए वह ताजा है. हाथ में बैंगन अपने आकार के हिसाब से भारी लगना चाहिए. वहीं, यदि बैंगन में चिपचिपाहट या कोई असामान्य परत दिखाई दे तो उसे खरीदने से सावधान रहना चाहिए.
बैंगन में छोटे छेद और धब्बे दिखें तो रहें सावधान
विशेषज्ञ के अनुसार बैंगन पर छोटे छेद और धब्बे कीट लगने की निशानी हो सकते हैं. ऐसे बैंगन को खरीदते समय अच्छी तरह जांच लेना चाहिए. यदि कम चमकदार और कम आकर्षक बैंगन में एक-दो बैंगन में कीड़े हों तो उनमें से सही बैंगन छांटकर लेना बेहतर हो सकता है.
चमकदार बैंगन हमेशा केमिकल वाला हो यह जरूरी नहीं
यह ध्यान रखना बहुत जरूरी है कि चमकदार बैंगन हमेशा सुरक्षित होने की गारंटी नहीं देता है. हालांकि, केवल चमक को केमिकल के इस्तेमाल का प्रमाण भी नहीं माना जा सकता. कीड़ा लगा बैंगन भी हर स्थिति में जहरीला नहीं होता है. यदि कीड़ा अंदर जीवित है तो इसका मतलब यह हो सकता है कि उस पर जहर का प्रभाव नहीं हुआ है. हालांकि, बैंगन की स्थिति देखकर ही उसका सेवन करने का फैसला करना चाहिए.
सड़ा या फफूंद लगा हिस्सा हटाना जरूरी
यदि बैंगन में सड़न, फफूंद या बदबू दिखाई दे तो उसका सेवन करने से बचना चाहिए. सड़ा हुआ या अंदर से खराब हिस्सा हटाना जरूरी है. ज्यादा सड़न, फफूंद या असामान्य गंध वाला बैंगन खाने के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.
मोम या तेल की कोटिंग से बढ़ सकती है बैंगन की चमक
बैंगन को ज्यादा चमकदार और आकर्षक दिखाने के लिए कुछ मामलों में उसकी सतह पर मोम, वैक्स या तेल जैसी कोटिंग हो सकती है. वहीं, बैंगनी रंग को गहरा दिखाने के लिए रंग या अन्य केमिकल स्प्रे के इस्तेमाल की आशंका भी बताई जाती है. हालांकि, हर चमकदार बैंगन मिलावटी या केमिकल वाला हो, यह जरूरी नहीं है. इसलिए खरीदारी के समय केवल चमक के बजाय बैंगन की पूरी स्थिति देखकर ही उसका चुनाव करना चाहिए.
