नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में एक से बढ़कर एक मार्केट हैं. एशिया के कई बड़े मार्केट भी दिल्ली में हैं और दिल्ली से ही पूरे देश का कारोबार चलता है. विदेशों में भी एक्सपोर्ट इंपोर्ट का काम दिल्ली के मार्केट से ही होता है. ऐसे में अगर आप भी दिल्ली में अपनी खुद की दुकान खोलकर कारोबार करना चाहते हैं तो सबसे ज्यादा जरूरी है, आपके लिए सही सलाह जानना. आखिर दुकान आपको कितने में खरीदनी चाहिए. कहां पर खरीदनी चाहिए. कहां पर दुकान खरीदने में आपको नुकसान हो सकता है. इन सवालों का जवाब जानने के लिए लोकल 18 की टीम ने प्रॉपर्टी एक्सपर्ट प्रदीप मिश्रा से खास बातचीत की.
प्रदीप मिश्रा ने लोकल 18 के साथ अपनी पूरी राय रखी. उन्होंने कहा कि कभी भी अगर आपको कारोबार करना हो या दुकान खरीदनी हो तो हमेशा अप्रूव्ड कॉलोनी में ही जाएं. दिल्ली विकास प्राधिकरण की ओर से जो कॉलोनी एप्रूव्ड हैं, उनमें ही आपको दुकान खोलकर कारोबार करने के बारे में सोचना चाहिए. ऐसा करने से आपको भविष्य में नुकसान होने की कम संभावना रहती है.
दिल्ली विकास प्राधिकरण की स्कीम है बेस्ट
प्रॉपर्टी एक्सपर्ट प्रदीप मिश्रा ने बताया कि अगर आप दुकान खरीदने के बारे में सोच रहे हैं तो दिल्ली विकास प्राधिकरण की ओर से जो स्कीम निकलती है, उनका ऑक्शन होता है. उस ऑक्शन में आप आवेदन करें. उसी के तहत आपको जो दुकान मिलेगी. उसमें कारोबार करना सबसे बेस्ट विकल्प होता है. क्योंकि दिल्ली विकास प्राधिकरण खुद ही यह विकल्प लोगों को देता है. ऐसे विकल्प हमेशा सुरक्षित होते हैं, क्योंकि आपके भविष्य में भी किसी तरह का कोई डर नहीं रहेगा. इसके अलावा अप्रूव्ड कॉलोनी में आप दुकान खरीदें, लेकिन कभी भी उन कॉलोनी में दुकान ना खरीदें जो अप्रूव्ड नहीं है. ऐसे में आपको नुकसान होने की ज्यादा संभावना बनी रहेगी.
जानें इलाका और कीमत
टिकरी कलां और बाहरी दिल्ली में 8,000-15,000 से 15-40 लाख तक विकल्प मिल सकते हैं.
उत्तम नगर और मोहन गार्डन में 10,000-30,000 लगभग 25-80 लाख तक विकल्प हैं.
लक्ष्मी नगर और शकरपुर में 15,000-50,000 से लगभग 30 लाख और एक करोड़ तक के विकल्प मौजूद हैं.
रोहिणी में 15,000- 60,000 से लेकर 40 लाख से लेकर 1.5 करोड़ तक दुकानों के विकल्प हैं.
जनकपुरी में 20,000-70,000 से लेकर 50 लाख और 2 करोड़ तक के विकल्प मौजूद हैं.
दक्षिण दिल्ली के अच्छे बाजार 30,000 से लेकर एक लाख और एक करोड़ से कई करोड़ तक विकल्प हैं.
आपको बता दें कि ये मार्केट के मोटे दायरे हैं, सरकारी निर्धारित दरें नहीं हैं. उदाहरण के लिए अभी एक 800 वर्गफुट दुकान टिकरी कलां में 10,000 प्रति माह की लिस्टिंग है, जबकि 400 वर्गफुट शाहपुर जाट में 35,000 प्रति माह की लिस्टिंग दिख रही है. खरीद में भी अंतर बहुत बड़ा है. जैसे वर्तमान लिस्टिंग में गुंडवानाला टाउन 475 स्क्वायर फीट 65 लाख, गोविंदपुरी 200 स्क्वायर फीट 25 लाख, जनकपुरी 120 स्क्वायर फीट 1.35 करोड़ और रोहिणी 280 स्क्वायर फीट 4 करोड़ जैसे विकल्प हैं.
