'चारों तरफ धुआं और चीख-पुकार…' गाजियाबाद के इंदिरापुरम में डिलीवरी स्टोर और फर्नीचर शोरूम में लगी भीषण आग

Last Updated:

Indirapuram Fire: गाजियाबाद के पॉश इलाके इंदिरापुरम स्थित काला पत्थर रोड पर गुरुवार को एक डिलीवरी स्टोर में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग की ऊंची लपटों ने पास ही मौजूद फर्नीचर शोरूम को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और धुआं फैलने से लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना पर दमकल विभाग की 12 से अधिक गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. तीसरी मंजिल से लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया.

गाजियाबाद में डिलिवरी स्टोर में लगी आग.

गाजियाबाद: गाजियाबाद के पॉश इलाके इंदिरापुरम थाना क्षेत्र अंतर्गत न्याय खंड प्रथम में काला पत्थर रोड पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक डिलीवरी स्टोर के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें और काले धुएं का गुबार काफी दूर से ही आसमान में दिखाई देने लगा. धुएं के घने गुबार के चलते आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को सांस लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डिलीवरी स्टोर में लगी आग तेजी से भड़की और उसने बराबर में स्थित गैलेक्सी फर्नीचर के बड़े शोरूम को भी अपनी जद में ले लिया. शोरूम में रखे गद्दे, सोफे और लकड़ी के फर्नीचर की वजह से आग ने देखते ही देखते भयावह रूप धारण कर लिया. आग की लपटें देखकर आसपास मौजूद दुकानों में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे.

12 से अधिक दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य और चीफ फायर ऑफिसर (सीएफओ) भारी पुलिस व दमकल बल के साथ मौके पर पहुंचे. आग के विकराल रूप को देखते हुए गाजियाबाद के अलग-अलग स्टेशनों से एक के बाद एक 12 से अधिक दमकल की गाड़ियां और बड़े वाटर ब्राउजर मौके पर बुलाए गए. दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछारें शुरू कर आग को आगे फैलने से रोकने का प्रयास किया.

तीसरी मंजिल से सुरक्षित रेस्क्यू, लाखों का नुकसान
सीएफओ ने जानकारी दी कि दमकल टीम की पहली प्राथमिकता इमारत में फंसे लोगों को बचाना और आग को अन्य दुकानों में फैलने से रोकना था. रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत इमारत की तीसरी मंजिल से लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया. अधिकारियों ने पुष्टि की कि इस भीषण अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. हालांकि, डिलीवरी स्टोर और फर्नीचर शोरूम में रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गया. फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है.

About the Author

Deep Raj DeepakSub-Editor

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *