घर पर ही बनाएं रेस्टोरेंट वाला स्वादिष्ट सांभर, दाल-सब्जी से लेकर मसाले-तड़के तक, कॉपी करें ये रेसिपी

दिल्ली. सांभर साउथ इंडियन खाने की ऐसी डिश है, जिसका स्वाद इडली, डोसा और वड़ा के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है. बाहर रेस्टोरेंट या साउथ इंडियन फूड की दुकानों पर मिलने वाला सांभर अक्सर थोड़ा ज्यादा स्वादिष्ट और मसालेदार लगता है. ऐसे में अगर आप भी घर पर बाजार जैसा सांभर बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए बहुत ज्यादा मेहनत या महंगी सामग्री की जरूरत नहीं है. कुछ आसान चीजों की मदद से आप घर पर ही स्वादिष्ट सांभर तैयार कर सकते हैं.

सांभर बनाने के लिए क्या चाहिए
इसके लिए आपको करीब एक कप अरहर की दाल, एक प्याज, एक टमाटर, एक गाजर, थोड़ा कद्दू, एक बैंगन और कुछ हरी मिर्च की जरूरत होगी. इसके अलावा सांभर मसाला, हल्दी, लाल मिर्च, नमक, इमली का पानी और थोड़ा गुड़ स्वाद के लिए लिया जा सकता है. तड़के के लिए राई, करी पत्ता, सूखी लाल मिर्च, हींग और तेल या घी रखें.

सबसे पहले दाल पकाएं
सबसे पहले अरहर की दाल को अच्छी तरह धोकर कुकर में डालें. इसमें हल्दी, थोड़ा नमक और करीब ढाई से तीन कप पानी डालकर दाल को अच्छी तरह पका लें. दाल इतनी नरम होनी चाहिए कि उसे आसानी से मैश किया जा सके. कुकर की सीटी निकलने के बाद दाल को थोड़ा ठंडा होने दें और फिर इसे अच्छी तरह से फेंट लें.

सब्जियों को ऐसे पकाएं
अब एक दूसरे बर्तन में कटी हुई गाजर, कद्दू, बैंगन, प्याज, टमाटर और हरी मिर्च डालें. इसमें थोड़ा पानी, हल्दी और नमक डालकर सब्जियों को पकाएं. ध्यान रखें कि सब्जियां पूरी तरह गलें नहीं, बल्कि हल्की नरम रहें. इससे सांभर में सब्जियों का स्वाद भी बना रहता है.

अब आएगा असली सांभर का स्वाद
जब सब्जियां पक जाएं तो इसमें सांभर मसाला और लाल मिर्च डालें. इसके बाद पकी हुई दाल डालकर सब चीजों को अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें इमली का पानी डालें. अगर आपको सांभर में बाजार जैसा हल्का मीठा-खट्टा स्वाद पसंद है, तो थोड़ा सा गुड़ भी डाल सकते हैं, हालांकि यह ऑप्शनल है. सांभर को धीमी आंच पर करीब 8 से 10 मिनट तक पकने दें, बीच-बीच में इसे चलाते रहें. अगर सांभर ज्यादा गाढ़ा लग रहा है तो इसमें थोड़ा गर्म पानी मिलाया जा सकता है.

आखिर में लगाएं तड़का
अब एक छोटे पैन में तेल या घी गर्म करें. इसमें राई डालें. राई चटकने लगे तो सूखी लाल मिर्च, करी पत्ता और थोड़ी सी हींग डाल दें. इस तड़के को तैयार सांभर में डालकर अच्छी तरह मिला दें. बस तैयार है आपका बाजार जैसा स्वाद वाला सांभर. इसे गरमा-गरम इडली, डोसा, मेदू वड़ा या चावल के साथ परोस सकते हैं. सांभर को कुछ मिनट ढककर रखने से मसालों का स्वाद और अच्छी तरह मिल जाता है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *