Opinion : आकाश आनंद की पोस्ट 'सफाई' नहीं, मायावती तक पहुंचने की आखिरी राजनीतिक अपील है?

बहुजन समाज पार्टी में आकाश आनंद और मायावती के बीच खटास भरे रिश्तों को लेकर चल रहे घटनाक्रम के बीच आकाश आनंद ने एक खास मैसेज पार्टी मुखिया और अपनी ‘बुआं मां’ के लिए खुले खत में लिखा है. आकाश आनंद ने सीधे अपनी बुआ मायावती को संबोधित करते हुए लिखा है कि ‘आप मेरी राजनीतिक गुरु हैं, मेरी प्रेरणा हैं, और मेरी बुआ मां भी हैं. राजनीति में जो कुछ सीखा, आपसे से ही सीखा और जो कुछ किया, उनके मार्गदर्शन में किया.’ उन्‍होंने पार्टी के लिए दोबारा से काम करने की इचछा जाहिर की है. उन्‍होंने अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ आनंद को लेकर भी कहा है कि रिश्‍ते अपनी जगह है और मिशन अपनी जगह. इसके अलावा उन्होंने ‘मेरी उस चुप्‍पी को गलत समझा गया’ वगैरह जैसी बातें भी कहकर अपना पक्ष रखा. देखा जाए तो आकाश आनंद की यह पोस्ट केवल सफाई नहीं, मायावती तक पहुंचने की आखिरी राजनीतिक अपील है. आइये समझते हैं आकाश आनंद की इस भावना के मायने..

दरअसल, आकाश आनंद की इस खुले खत रूपी पोस्ट को अगर महज एक सोशल मीडिया संदेश मानकर पढ़ा जाए तो इसकी असली परत शायद छूट जाएगी. शब्दों को ध्यान से पढ़ें तो यह संदेश राजनीतिक सफाई से ज्यादा रिश्ते बचाने, अपनी नीयत साफ करने और मायावती के सामने दोबारा स्वीकार किए जाने की इच्छा को सामने रखता है.

मायावती ने सितंबर 2026 में आकाश आनंद को BSP से पूरी तरह अलग करने की घोषणा की थी. इससे पहले उन्होंने कहा था कि आकाश को पार्टी में जिम्मेदारी तभी मिल सकती है जब उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ राजनीति से संन्यास लें. अशोक सिद्धार्थ ने इसके बाद संन्यास की घोषणा की, लेकिन आकाश की पार्टी में वापसी नहीं हुई. यहीं से आकाश आनंद का यह संदेश महत्वपूर्ण हो जाता है.

सबसे पहले रिश्ते की बात क्यों?
गहराई से समझा जाए तो आकाश अपने संदेश की शुरुआत किसी राजनीतिक तर्क से नहीं करते. वह मायावती को लिखते हैं कि आप मेरी राजनीतिक गुरु हैं, मेरी प्रेरणा हैं, और मेरी बुआ मां भी हैं. यह शब्द बहुत कुछ कहते हैं. अगर मकसद सिर्फ राजनीतिक सफाई देना होता तो वह सीधे यह कह सकते थे कि वह किसी दूसरे दल में नहीं जा रहे हैं या BSP छोड़ने का उनका इरादा नहीं है. लेकिन उन्होंने पहले रिश्ते को सामने रखा, राजनीति को बाद में. यानी आकाश के संदेश का भावनात्मक केंद्र BSP नहीं, मायावती और उनके बीच का रिश्ता है. BSP मेरे लिए सिर्फ पार्टी नहीं, परिवार है’

आकाश का दूसरा बड़ा संदेश है कि BSP मेरे लिए सिर्फ एक पार्टी नहीं, मेरा परिवार है. यह बात इस पूरे प्रकरण की सबसे अहम लाइन है. क्योंकि विवाद ही इस बात के आसपास घूमता रहा कि आकाश ने पार्टी और आंदोलन से ऊपर पारिवारिक रिश्तों को महत्व दिया या नहीं. मायावती ने सार्वजनिक रूप से आकाश पर रिश्तों को प्राथमिकता देने और पार्टी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए थे. आकाश अब उसी आरोप के केंद्र में जाकर जवाब दे रहे हैं. वह कह रहे हैं कि परिवार उनके लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन BSP से रिश्ता भी पारिवारिक ही है. यहां आकाश एक तरह से अपनी राजनीतिक पहचान को मायावती और BSP से अलग करके देखने से इनकार करते हैं.

सबसे दिलचस्प मोड़ : अशोक सिद्धार्थ के मामले में समर्थन
इस पोस्ट का शायद सबसे रणनीतिक हिस्सा वह है जहां आकाश अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ को लेकर अपनी स्थिति साफ करते हैं. वह मायावती के फैसले को उचित बताते हैं और कहते हैं कि रिश्ते अपनी जगह हैं, लेकिन मिशन उनसे बड़ा है. यह बात सीधे उस विवाद तक जाती है, जहां से पूरा मामला यहां तक पहुंचा. अशोक सिद्धार्थ ने मायावती के कहने के बाद राजनीति से संन्यास की घोषणा की थी. उनकी ओर से भी कहा गया था कि उनका राजनीति से हटना आकाश के राजनीतिक भविष्य से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए. लेकिन इसके बावजूद आकाश BSP से बाहर कर दिए गए. अब आकाश कह रहे हैं कि पारिवारिक रिश्ता अपनी जगह है, लेकिन राजनीतिक फैसला मायावती का है और वह उसके साथ खड़े हैं.

फिर सवाल उठता है, इतना सब कहने की जरूरत क्यों पड़ी?
क्योंकि आकाश की सबसे बड़ी समस्या इस समय शायद कोई दूसरा राजनीतिक दल नहीं है. उनकी सबसे बड़ी समस्या यह है कि मायावती के राजनीतिक भरोसे के दायरे से वह बाहर हो चुके हैं. इसलिए उनका संदेश किसी नए राजनीतिक सफर की घोषणा नहीं लगता. इसके उलट, वह उसी राजनीतिक घर में वापस जाने की अपील है जिसे वह अपना परिवार बता रहे हैं. सबसे अहम बात वह यह कहते हैं कि ‘मैं सिर्फ आपके नेतृत्व में फिर से पार्टी और मिशन की सेवा का मौका चाहता हूं.’ ‘मैं कहां जाऊंगा’ से ज्यादा ‘मुझे फिर से आपके साथ काम करने का अवसर मिले’ की भावना है.

आकाश ने सफाई से ज्यादा माफी क्यों चुनी?
आकाश ने इस पोस्‍ट में अपनी सोशल मीडिया से दूरी का भी जिक्र किया है. वह बताते हैं कि उनकी चुप्पी की वजह से मायावती की पोस्ट को रिपोस्ट नहीं किया जा सका और उनकी चुप्पी को गलत समझा गया. वह कहते हैं कि ‘अगर इससे आपको ठेस पहुंची है, तो मैं उसके लिए आपसे क्षमा चाहता हूं.’ आकाश अपने मैसेज के जरिये यह कहने का प्रयास कर रहे हैं कि अगर उनकी किसी हरकत से मायावती आहत हुईं, तो वह संबंध सुधारने के लिए पीछे हटने को तैयार हैं.इआकाश आगे लिखते हैं कि विश्वास शब्दों से नहीं, काम से बनता है और वह अपने आचरण और मेहनत से इसे साबित करेंगे. इसी के जरिये वह भविष्य की तरफ देख रहे हैं. आकाश यह नहीं कह रहे कि उनके साथ अन्याय हुआ. वह यह भी नहीं कहते कि उन्हें पार्टी से निकाला जाना गलत था. बल्कि उनका पूरा संदेश यह है कि मुझे एक अवसर दीजिए, मैं अपने काम से विश्वास वापस हासिल करूंगा.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *