Last Updated:
जंतर-मंतर पर INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान घायल हुए दिल्ली पुलिस कांस्टेबल अंकित कसाना ने अपना दर्द बताया है. उन्होंने News18 से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान 30 से 35 लोग उनकी तरफ आए. किसी ने धक्का दिया तो किसी ने गले से पकड़ लिया. अंकित का कहना है कि एक व्यक्ति ने उन्हें दांत भी काट लिया. उन्होंने कहा कि वह दर्द की वजह से नहीं रोए बल्कि फर्ज निभाते हुए चोट लगने से भावुक हुए. उनका कहना है कि वह चोट के बावजूद आज फिर ड्यूटी पर जाएंगे. इस बीच विपक्ष ने पुलिस पर भी बदसलूकी और लाठीचार्ज के आरोप लगाए हैं.
जंतर-मंतर प्रदर्शन में घायल दिल्ली पुलिस कांस्टेबल अंकित कसाना ने बताया कि उनके साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट हुई.
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी कर रहे दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल अंकित कसाना के साथ कथित मारपीट ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और प्रदर्शनकारियों के अधिकारों के बीच टकराव का सवाल खड़ा कर दिया है. अंकित कसाना ने News18 से बातचीत में अपना दर्द बताया. उन्होंने कहा कि कई लोग उनकी छाती पर चढ़ गए थे. कोई उन्हें धक्का दे रहा था तो कोई गले से पकड़ रहा था. उनका दावा है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें दांत तक काट लिया. चोट लगने के बावजूद अंकित का कहना है कि वह डरने वाले नहीं हैं. उनका कहना है कि वह संविधान की शपथ लेकर पुलिस में आए हैं. वह घायल होने के बाद भी अपनी ड्यूटी पर जाएंगे. उनके शब्दों में दर्द भी है और फर्ज निभाने का जज्बा भी.
अंकित कसाना ने यह भी कहा किया कि उनके साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को भी कॉकरोच जनता पार्टी के धरने के दौरान उनके साथ मारपीट हुई थी और उस समय भी उन्हें चोट लगी थी. बुधवार को हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि करीब 30 से 35 लोग उनकी तरफ आए. किसी ने इधर से धक्का दिया तो किसी ने दूसरी तरफ से पकड़ लिया. अंकित ने कहा कि वह दर्द की वजह से नहीं रो रहे थे. वह इसलिए भावुक हुए क्योंकि वह अपना फर्ज निभा रहे थे और उसी दौरान उन्हें चोट लगी. उन्होंने एक महिला पुलिसकर्मी के साथ भी कथित बदसलूकी का जिक्र किया. उनके मुताबिक महिला पुलिसकर्मी की गर्दन पर नाखून के निशान थे. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की बात कही जाती है लेकिन जमीन पर हालात कई बार अलग दिखाई देते हैं.
‘एक ने मुझे दांत काट दिया’
अंकित कसाना ने बातचीत में कहा कि वह पुलिसकर्मी हैं और उनकी जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था संभालना है. उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान कई पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की हुई. उनके मुताबिक कई लोग एक साथ पुलिसकर्मियों पर चढ़ जाते हैं. उन्होंने कहा कि अगर पुलिस किसी एक प्रदर्शनकारी को भी लेकर जाने की कोशिश करती है तो कई लोग पुलिसकर्मियों को घेर लेते हैं. इसी दौरान उनके साथ मारपीट हुई और एक व्यक्ति ने उन्हें दांत काट लिया. अंकित ने कहा कि उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज करा दी है. आगे की कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारी तय करेंगे.
‘मैं आज फिर ड्यूटी पर जाऊंगा’
चोट लगने के बावजूद अंकित का कहना है कि वह ड्यूटी से पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने कहा कि वह आज फिर अपनी ड्यूटी पर जाएंगे और उन्हें किसी तरह का डर नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस संविधान की शपथ लेकर सेवा में आती है. उनके मुताबिक पुलिसकर्मी घायल हो जाएं तब भी संविधान की रक्षा करना उनका फर्ज है. अंकित ने प्रदर्शन में बच्चों के आने का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वहां ऐसे बच्चे भी प्रदर्शन करने आ रहे थे जिनके पास वोट देने का अधिकार नहीं है.
जंतर-मंतर पर क्या हुआ था
- बुधवार को INDIA ब्लॉक के नेताओं और समर्थकों ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया था. विपक्ष विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सवाल उठा रहा है. विपक्षी दलों की मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी रही है.
- प्रदर्शनकारी नेता जंतर-मंतर की तरफ बढ़ना चाहते थे. पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाए थे. राहुल गांधी ने बैरिकेड से जुड़े गेट को खोलने की कोशिश की. पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई.
- कांग्रेस और विपक्षी नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए. कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कई विपक्षी नेता घायल हुए. प्रियंका गांधी वाड्रा भी जमीन पर लेटी हुई दिखाई दीं. उन्होंने आरोप लगाया कि महिला पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें जमीन पर गिराया.
- राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया. इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं. दिल्ली पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है.
पुलिस भी कर रही है वीडियो की जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कई मोबाइल वीडियो सामने आए हैं. इनमें महिला पुलिस अधिकारियों और कांस्टेबलों के साथ कथित धक्का-मुक्की और मारपीट दिखाई देने का दावा किया जा रहा है. पुलिस इन वीडियो के आधार पर घटनाक्रम को समझने और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. अंकित कसाना ने भी अपनी शिकायत दर्ज कराने की बात कही है. अब आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी. इस मामले में पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट और विपक्ष की ओर से पुलिस कार्रवाई के आरोप दोनों ही जांच का हिस्सा हैं.
About the Author
सुमित कुमार हिंदी पत्रकारिता का एक उभरता और सक्रिय नाम हैं. वर्तमान में वे News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और सेंट्रल डेस्क टीम का हिस्सा हैं. पिछले चार साल से वे Network18और पढ़ें
