Last Updated:
BJP Protest in Delhi: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन और महिला पुलिसकर्मियों से बदसलूकी के विरोध में बीजेपी महिला कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में प्रदर्शन किया. तय रूट तोड़कर इंदिरा भवन मार्च कर रहीं महिलाओं ने राहुल-प्रियंका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. विधायक शिखा राय ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए महिला सुरक्षा और खाकी के अपमान पर कड़ा रोष जताया.
बीजेपी ने दिल्ली में प्रदर्शन किया.
राजधानी दिल्ली में राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और इंडिया के प्रदर्शन और महिला पुलिसकर्मियों के साथ हुई बदसलूकी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की महिला कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया. हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर बीजेपी महिलाओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इसे महिला सुरक्षा और खाकी के सम्मान से जुड़ा गंभीर मुद्दा बना दिया.
तय रूट तोड़कर इंदिरा भवन की तरफ मार्च
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई जब बीजेपी महिला कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा तय किए गए रूट को तोड़कर दूसरे रास्ते से आगे बढ़ना शुरू कर दिया. हाथों में “राहुल-प्रियंका हाय-हाय” के नारे लिखी तख्तियां थामे ये महिलाएं पैदल ही सड़क पर मार्च करते हुए इंदिरा भवन की तरफ बढ़ने लगीं. हालात को काबू करने के लिए पुलिस बल भी मौके पर मुस्तैद नजर आया, लेकिन कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा था. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर भी अपना विरोध दर्ज कराया.
ग्रेटर कैलाश विधायक शिखा राय का फूटा गुस्सा
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रेटर कैलाश (GK) से बीजेपी विधायक शिखा राय ने लाइव बातचीत में कांग्रेस नेताओं पर तीखा हमला बोला. शिखा राय ने बेहद आक्रामक अंदाज में कहा कि वह एक महिला विधायक होने के नाते बेहद शर्मसार महसूस कर रही हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग कल तक महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करते थे, आखिर वे किस मुंह से इस पर बात करेंगे, जिन्होंने खुद कल पुलिसकर्मियों (खासकर महिला पुलिस कर्मियों) को नहीं बख्शा और उनके साथ ऐसा निंदनीय व्यवहार किया.
महिला पुलिसकर्मियों के सम्मान में उतरीं बीजेपी कार्यकर्ता
बीजेपी महिला कार्यकर्ताओं का साफ कहना था कि खाकी वर्दी पहनकर अपनी ड्यूटी निभा रही महिला सुरक्षाकर्मियों के साथ जिस तरह की अभद्रता और हिंसा की गई है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की, तो महिला कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कर दिया कि वे पुलिस का सम्मान करती हैं और जहां रोका जाएगा, वहीं रुकेंगी, लेकिन कांग्रेस की कार्यशैली के खिलाफ उनका यह विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक दोषियों पर नैतिक जिम्मेदारी तय नहीं होती.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…
और पढ़ें
