दिल्ली सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 43 IAS के तबादले, इन विभागों में होंगी नई नियुक्तियां
Last Updated:
दिल्ली सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया, 43 IAS और DANICS अधिकारियों के तबादले, कई विभागों में नई तैनाती और वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां दी गईं
दिल्ली सरकार के सेवा विभाग ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 43 IAS और DANICS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं. साथ ही कई विभागों में नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं. उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद जारी आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कई विभागों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है.
मुख्य बदलावों में बिपुल पाठक को सामाजिक कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर बरकरार रखते हुए SC/ST/OBC और महिला एवं बाल विकास (WCD) विभागों की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है. वहीं नवीन कुमार चौधरी को वित्त एवं योजना विभाग (I&FC) के अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
पांडुरंग के. पोले को सचिव (भूमि एवं भवन) नियुक्त किया गया है. जितेंद्र यादव को डीटीसी के प्रबंध निदेशक के साथ आईटी सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. संदीप कुमार सिंह को मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव के साथ वित्त विभाग और एसआरडीसी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है.
मध्य स्तर के अधिकारियों में सचिन राणा को गृह विभाग में विशेष सचिव के रूप में अतिरिक्त जिम्मेदारियां मिली हैं, जबकि सुनील अंचिपाका को डीटीएंडटीडीसी के एमडी एवं सीईओ के साथ लोक निर्माण विभाग (PWD) और पर्यटन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, राजस्व, शहरी विकास, महिला एवं बाल विकास, व्यापार एवं कर, जेल, बिजली तथा जल बोर्ड सहित कई विभागों में भी व्यापक स्तर पर अधिकारियों की नई तैनाती की गई है.
DANICS अधिकारियों में वैभव रिखारी को दिल्ली जल बोर्ड (DJB) का निदेशक बनाया गया है, जबकि विनय कुमार जिंदल को भी DJB में निदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है. कई एसडीएम और उप सचिव स्तर के अधिकारियों का भी विभिन्न जिलों और विभागों में स्थानांतरण किया गया है.
यह ख़बर बिल्कुल अभी आई है और इसे सबसे पहले आप News18Hindi पर पढ़ रहे हैं. जैसे-जैसे जानकारी मिल रही है, हम इसे अपडेट कर रहे हैं. ज्यादा बेहतर एक्सपीरिएंस के लिए आप इस खबर को रीफ्रेश करते रहें, ताकि सभी अपडेट आपको तुरंत मिल सकें. आप हमारे साथ बने रहिए और पाइए हर सही ख़बर, सबसे पहले सिर्फ Hindi.News18.com पर…
