दिल्ली में गुलाबी ठंड शुरू: टूटा 4 साल का रिकॉर्ड, पारा 18.7 डिग्री पर पहुंचा, 41.6 मिमी बारिश से कांपा तापमान

नई दिल्ली. दिल्ली में 12 अक्टूबर को तड़के भारी बारिश और गरज के साथ तूफान के कारण तापमान गिरकर इस महीने के अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया और इसी के साथ यह दिन पिछले चार साल में अक्टूबर में एक दिन में सबसे अधिक बारिश वाला दिन भी बन गया. मौसम विभाग ने यह जानकारी दी. दिल्ली में सुबह न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं सुबह साढ़े आठ बजे तक के पिछले 24 घंटे में सफदरजंग वेधशाला में 41.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, इससे पहले अक्टूबर में इससे अधिक बारिश नौ अक्टूबर 2022 को दर्ज की गई थी, तब सफदरजंग में करीब 74 मिलीमीटर बारिश हुई थी. दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में सोमवार को न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम और इस महीने अब तक का सबसे कम तापमान है. आईएमडी के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम है. वहीं, लोधी रोड में यह 18.7 डिग्री, रिज में 20 डिग्री और आयानगर में 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा.

बारिश से राजधानी में मौसम ठंडा हो गया, लेकिन कई इलाकों में जलभराव होने से सुबह के समय यातायात भी प्रभावित हुआ. सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि में दिल्ली के पांच मौसम केंद्रों में सबसे अधिक 49 मिलीमीटर बारिश रिज में दर्ज की गई. इसके बाद सफदरजंग में 41.6 मिलीमीटर, लोधी रोड में 41.4 मिलीमीटर, आयानगर में 39 मिलीमीटर और पालम में 31 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

दक्षिण दिल्ली के सैनिक फार्म और महिपालपुर के कुछ हिस्सों में जलभराव की खबरें आईं. वहीं सोशल मीडिया में सार्वजनिक हुए कुछ वीडियो में आर. के. पुरम, कर्तव्य पथ और मध्य, दक्षिण-पूर्वी तथा पश्चिमी दिल्ली में तेज बारिश होती दिखाई दी. दिल्ली यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि जलभराव के कारण धरमपुरा और आयरन ब्रिज के बीच अंसारी रोड पर दोनों ओर यातायात का मार्ग बदला गया.

11 अक्टूबर को अधिकतम तापमान सफदरजंग में 32 डिग्री सेल्सियस, पालम में 30.5 डिग्री, लोधी रोड में 31 डिग्री, रिज में 30.9 डिग्री और आयानगर में 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ये सभी तापमान सामान्य से कम थे. आईएमडी ने इससे पहले दिल्ली के सभी 13 जिलों के लिए ‘येलो’ चेतावनी जारी की थी.

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सोमवार सुबह आठ बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 88 रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है. एक्यूआई शून्य से 50 के बीच होने पर ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *