Last Updated:
Noida Traffic Diversions For Vijayadashami : दशहरे के लिए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने अपनी कमर कस ली है. जिले में चार ऐसे प्रमुख स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां लाखों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है. इन जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन के साथ वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाएगी. लोकल 18 से डीसीपी ट्रैफिक सय्यद अली अब्बास ने बताया कि सेक्टर-62 में होने वाली रामलीला के आसपास भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है. शहर में कुल 232 स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विजयदशमी के दिन घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर चेक कर लें.
नोएडा. विजयदशमी के दिन 20 अक्टूबर को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग स्थानों पर रावण दहन किए जाएंगे. इनमें भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था की है. डीसीपी ट्रैफिक सैयद अली अब्बास के मुताबिक, जिले में चार ऐसे प्रमुख स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां लाखों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है. इन स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन के साथ वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो. लोकल 18 से डीसीपी ट्रैफिक सय्यद अली अब्बास ने बताया कि सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में रावण दहन कार्यक्रम को देखते हुए आसपास के मार्गों पर डायवर्जन कराया जाएगा और वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ते उपलब्ध कराए जाएंगे.
सेक्टर-62 में होने वाली रामलीला के आसपास भी ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था रहेगी. महर्षि आश्रम और भंगेल क्षेत्र में होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को लेकर भी डायवर्जन पॉइंट बनाए जाएंगे. ग्रेटर नोएडा वेस्ट में न्यू आदर्श इकोटेक थाना क्षेत्र में होने वाले आयोजन को देखते हुए भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि इन प्रमुख आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए व्यवस्था की गई है.
ऐसे रहेगी पूरे शहर पर नजर
डीसीपी ट्रैफिक के अनुसार, विजयदशमी के चलते शहर में कुल 232 स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है. इनमें प्रमुख चौराहों के साथ-साथ वे स्थान भी शामिल हैं, जहां रामलीला मंचन और रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. प्रत्येक पॉइंट पर करीब दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. अधिक भीड़ वाले स्थानों पर ट्रैफिक की स्थिति की लगातार निगरानी की जाएगी. अधिकारियों के मुताबिक आईटीएमएस सिस्टम के जरिए शहर में ट्रैफिक दबाव पर नजर रखी जाएगी. जहां भी जरूरत महसूस होगी, वहां क्विक रिस्पांस टीम को तत्काल भेजकर यातायात व्यवस्था को संभाला जाएगा.
ये रहा हेल्पलाइन नंबर
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विजयदशमी के दिन घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और जिन मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है, वहां निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. डीसीपी ट्रैफिक सैयद अली कहते हैं कि लोगों के सहयोग से ही यातायात व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकता है. अगर कोई व्यक्ति ट्रैफिक जाम या किसी दूसरी यातायात समस्या में फंसता है तो तत्काल ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क करे, ताकि पुलिस की टीम उसकी मदद कर सके.
About the Author
प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…
