House Construction Tips: कम बजट में खूबसूरत घर चाहिए? टाइल्स, मार्बल और ग्रेनाइट के फायदे जानें

Last Updated:

Azamgarh News: नया घर बनवा रहे हैं या पुराने मकान का रेनोवेशन कराने की सोच रहे हैं? फर्श और किचन के लिए टाइल्स, मार्बल या ग्रेनाइट में से सही विकल्प चुनना कई बार मुश्किल हो जाता है. आजमगढ़ में इस काम से जुड़े आलोक ने इनके फायदे, मजबूती और रखरखाव के बारे में जानकारी दी है. जानिए बजट और जरूरत के हिसाब से आपके घर के लिए कौन-सा विकल्प बेहतर हो सकता है.

आजमगढ़. नया घर बनवाते समय या पुराने मकान का रेनोवेशन कराते समय फर्श और दूसरी जगहों पर टाइल्स, मार्बल या ग्रेनाइट लगवाने को लेकर अक्सर लोग असमंजस में रहते हैं. बजट, मजबूती, डिजाइन और रखरखाव जैसे कई पहलुओं को ध्यान में रखकर सही विकल्प चुनना जरूरी होता है. आजमगढ़ में टाइल्स, मार्बल और ग्रेनाइट का काम करने वाले आलोक ने Local18 को बताया कि मौजूदा समय में टाइल्स की मांग सबसे ज्यादा है. होटल, अस्पताल और बड़ी इमारतों में भी इनका इस्तेमाल अधिक देखने को मिलता है.

आलोक के मुताबिक, टाइल्स की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इन्हें साफ करना और इनका रखरखाव करना आसान होता है. बाजार में कई तरह के टेक्सचर और आधुनिक डिजाइन उपलब्ध हैं, जो घर को मॉडर्न लुक देते हैं. मार्बल की तुलना में टाइल्स लगाने का खर्च भी कम पड़ता है. हालांकि, टाइल्स खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और इस्तेमाल की जगह का ध्यान रखना जरूरी है. अच्छी कंपनी की टाइल्स सही तरीके से लगवाई जाएं, तो वे 10 से 15 साल तक चल सकती हैं.

आलोक बताते हैं कि मजबूती और टिकाऊपन के मामले में मार्बल को अच्छा विकल्प माना जाता है. हालांकि, इसे लगवाने में मजदूरी और घिसाई का खर्च अधिक हो सकता है. टाइल्स की तुलना में मार्बल पर दाग-धब्बे जल्दी पड़ सकते हैं और इसकी देखभाल पर भी ध्यान देना पड़ता है. इसकी खासियत यह है कि लंबे समय बाद मार्बल पुराना या गंदा दिखने लगे, तो दोबारा घिसाई और पॉलिशिंग कराकर इसे नया जैसा रूप दिया जा सकता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

ग्रेनाइट की कीमत टाइल्स और मार्बल की तुलना में अधिक हो सकती है. आलोक के अनुसार, मजबूती और टिकाऊपन के कारण इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से किचन स्लैब, सीढ़ियों और पिलर्स पर किया जाता है. इन जगहों पर लगातार इस्तेमाल और आवाजाही होती है, इसलिए मजबूत सामग्री का चुनाव जरूरी है. ग्रेनाइट पर खरोंच पड़ने की संभावना कम होने के कारण इसे इन जगहों के लिए उपयुक्त विकल्प माना जाता है.

आलोक के मुताबिक, अगर आपका बजट सीमित है और आप आधुनिक डिजाइन के साथ आसान रखरखाव चाहते हैं, तो टाइल्स पर विचार कर सकते हैं. वहीं, अगर आप मार्बल की पॉलिशिंग की सुविधा चाहते हैं, तो यह भी एक विकल्प हो सकता है. किचन स्लैब और सीढ़ियों के लिए ग्रेनाइट का चुनाव किया जा सकता है.

टाइल्स, मार्बल और ग्रेनाइट में से किसी एक को चुनने से पहले उसकी कीमत, गुणवत्ता, लगाने की मजदूरी और रखरखाव के खर्च का आकलन करना चाहिए. सही विकल्प घर की जरूरत, इस्तेमाल की जगह और बजट पर निर्भर करता है.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍िया✅देखें.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *