Last Updated:
Delhi Nihal Vihar News: दिल्ली के निहाल विहार में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की मौत के मामले ने सनसनी मचा दी है. परिवार का आरोप है कि पत्नी से बच्चे को दवाई पिलाने को लेकर विवाद के बाद उसके मायके से आए लोगों ने विनय के साथ बेरहमी से मारपीट की. बताया गया कि विनय ने घर पहुंचे ससुराल वालों के लिए पानी भी भरा था, लेकिन कुछ ही देर बाद उस पर हमला कर दिया गया. उसकी मां और पिता ने बीच-बचाव की कोशिश की, फिर भी मारपीट नहीं रुकी. हालत बिगड़ने पर विनय को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस ने पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
दिल्ली के निहाल विहार में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की मौत के मामले में पत्नी समेत चार लोग गिरफ्तार हुए हैं. (फोटो NW18)
Delhi Crime News: दिल्ली के निहाल विहार से सामने आई एक हत्या की कहानी ने रिश्तों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि मामूली घरेलू विवाद के बाद एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को उसकी पत्नी के मायके से आए लोगों ने बेरहमी से पीट दिया. मामला यहीं तक नहीं रुका. परिवार का दावा है कि जब विनय गुप्ता के ससुराल वाले घर पहुंचे, तो उसने उनकी खातिरदारी करने की कोशिश की. यहां तक कि उनके लिए पानी का गिलास भी भरा. लेकिन कुछ ही देर में घर का माहौल बदल गया. आरोप है कि छह लोगों ने विनय के साथ मारपीट शुरू कर दी. उसके माता-पिता सामने थे और बेटे को बचाने की कोशिश करते रहे. बाद में अस्पताल में विनय की मौत हो गई. विवाद बच्चे को दवाई पिलाने को लेकर शुरू हुआ था.
विनय करीब 31 साल के थे और नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे. परिवार के मुताबिक उनका सालाना पैकेज करीब 60 लाख रुपए था. करीब साढ़े तीन साल पहले उनकी शादी रेखा से हुई थी. दोनों के करीब साढ़े चार महीने के जुड़वां बच्चे हैं. परिवार का आरोप है कि शुक्रवार को पति-पत्नी के बीच बच्चे को दवा लगाने को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद रेखा कथित तौर पर अपने मायके चली गई और कुछ देर बाद परिवार के कई सदस्यों के साथ वापस लौटी. पुलिस ने मामले में पत्नी रेखा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
परिवार के मुताबिक, बच्चे को दवाई लगाने को लेकर विनय और उसकी पत्नी रेखा के बीच झगड़ा हुआ था. इसके बाद रेखा ने अपने मायके वालों को बुला लिया. आरोप है कि कुछ देर बाद रेखा अपने दो भाइयों, भाभी, पिता और चाचा समेत छह लोगों के साथ घर पहुंची. विनय ने ससुराल वालों के लिए पानी तक लाकर दिया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद सभी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. परिवार का दावा है कि विनय का गला दबाया गया और उसकी छाती पर हाथ-पैर से वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने पत्नी रेखा, उसके दो भाइयों और भाभी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
विनय की मां का कहना है कि वह बेटे को बचाने के लिए लगातार गुहार लगाती रहीं. उनके मुताबिक, कुछ लोगों ने विनय के हाथ पकड़े और उसे नीचे गिराकर लात-घूंसों से पीटा. परिवार का आरोप है कि मारपीट इतनी गंभीर थी कि विनय की हालत बिगड़ गई. उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. घटना के बाद घर में फोरेंसिक टीम ने भी जांच की और संभावित सबूत जुटाए.
विनय के परिवार ने आरोप लगाया कि घटना से पहले घर के CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे. उनका दावा है कि घर के कैमरों से रिकॉर्डिंग नहीं मिल सकी, इसलिए आसपास के घरों से फुटेज जुटाने की कोशिश की गई. परिवार का यह भी आरोप है कि पहले भी छोटे-छोटे विवादों को लेकर रेखा के भाई की ओर से विनय को धमकियां दी जाती थीं. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी.
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में विनय की पत्नी रेखा, उसके दो भाइयों और एक भाभी को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे. परिवार की ओर से इसे साजिश के तहत हत्या बताया जा रहा है. वहीं, जांच एजेंसियां CCTV फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर घटनाक्रम जोड़ रही हैं.
About the Author
सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 4 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…
और पढ़ें
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
