Diwali-Chhath Special Buses: दीपावली और छठ पर दिल्ली से पूर्वांचल के जिलों में जाने के लिए मारामारी मची हुई है. ट्रेनों में टिकट की काफी मारामारी है. ऐसे पर इन दोनों महापर्व पर दिल्ली-नोएडा से घर कैसे पहुंचेंगे? तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. यूपी सरकार के परिवहन विभाग इस दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वालों के लिए गुड न्यूज लेकर आई है. अब दिल्ली से पूर्वी यूपी या कहें कि लगभग सभी जिलों के लिए स्पेशल बसें चलाने की घोषणा की गई है.
उत्तर प्रदेश सरकार और परिवहन निगम (UPSRTC) ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया है. परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि आगामी 6 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक पूरे 12 दिनों के लिए उत्तर प्रदेश के अलग-अलग रूटों पर अतिरिक्त और स्पेशल रोडवेज बसें चलाईं जाएंगी.
दिल्ली के किन-किन बस अड्डों से चलेंगी बसें
इस विशेष त्योहारी योजना के तहत राजधानी दिल्ली के प्रमुख बस अड्डों- जैसे आनंद विहार, कौशाम्बी, सराय काले खां और कश्मीरी गेट से उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल और अन्य क्षेत्रों के लिए बसों के फेरे भारी मात्रा में बढ़ाए जा रहे हैं. दिल्ली से सीधे लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, कानपुर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा जैसे प्रमुख महानगरों व जिलों के लिए अतिरिक्त रोडवेज बसें उपलब्ध रहेंगी. परिवहन विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि पर्व के दौरान यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े और हर यात्री समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सके.
बसों के परिचालन के लिए स्पेशल आदेश
परिवहन निगम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, इस 12 दिन के इस स्पेशल कार्यक्रम में रोडवेज की सभी फिट बसों को शत-प्रतिशत ‘ऑन-रोड’ रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं ताकि फ्लीट की कोई कमी न पड़े. किसी भी अनफिट बस का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और यात्रा शुरू होने से पहले बसों की तकनीकी जांच सुनिश्चित की जाएगी. इसके अलावा, बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और डिजिटल समय सारिणी की मुकम्मल व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को डिपो पर किसी प्रकार की परेशानी न हो.
अतिरिक्त ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को मिलेंगे इंसेंटिव
कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाने और सुचारू संचालन के लिए स्पेशल इंसेंटिव की भी घोषणा की गई है. लगातार 12 दिन ड्यूटी करने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को 4,800 रुपये तथा 11 दिन ड्यूटी करने पर 4,400 रुपये की इंसेंटिव दी जाएगी, बशर्ते उन्हें प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर बस चलानी होगी. इसके साथ ही इलेक्ट्रिक बस ड्राइवरों के वर्कशॉप कर्मचारियों और डिपो कर्मियों के लिए भी अलग-अलग इंसेंटिव तय की गई हैं. यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ड्राइवरों और कंडक्टरों का ब्रेथ एनालाइजर से अनिवार्य जांच भी किया जाएगा.
चौबीस घंटे एक्टिव रहेगा कमांड रूम
त्योहारी सीजन में कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डिपो स्तर पर कमांड कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय कर दिया गया है. विशेष परिस्थितियों को छोड़कर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है ताकि यह महाअभियान पूरी तरह सफल हो सके. सरकार के इस कदम से त्योहार पर घर जाने वाले प्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की पूरी उम्मीद है.
