60KMpH की हवाएं और झमाझम बारिश; 15 घंटों में पलटेगा UP-बिहार सहित 20 राज्यों का मौसम, IMD अलर्ट

देशभर के मौसम में नवंबर की शुरुआत भी उतार-चढ़ाव के साथ होने जा रही है. अगले 15 घंटों में देशभर के 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. इस दौरान कहीं तेज बारिश तो कहीं घने बादल, तो कहीं तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 नवंबर को बिहार और ओडिशा में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. दूसरी ओर, दिल्ली में रविवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कमजोर पड़ने के बाद भी उससे जुड़ी मौसम प्रणालियों का असर देश के कुछ हिस्सों में बना हुआ है. दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, लेकिन इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के राज्यों में बारिश हो सकती है. इसके अलावा बंगाल की खाड़ी और दक्षिण भारत के आसपास सक्रिय मौसमी सिस्टम भी कई राज्यों में बारिश की वजह बन सकते हैं.

दिल्ली में 1 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नवंबर के पहले दिन आसमान साफ रहने का अनुमान है. IMD के पूर्वानुमानों की मानें तो लोगों को दिन के समय धूप खिली हुई मिल सकती है. हालांकि, सुबह और रात के समय मौसम में हल्की ठंडक महसूस हो सकती है.

मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान दिल्ली के अधिकतम तापमान में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का अनुमान जताया है. हालांकि, 2 नवंबर को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

उत्तर प्रदेश में कहां बरसेंगे बादल?

उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान अर्नब से जुड़ी मौसमी गतिविधियों का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र राज्य के मौसम को प्रभावित कर रहा है. इसके चलते 1 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्ज की बारिश हो सकती है.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 नवंबर को बारिश की संभावना तो कम है, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 नवंबर तक कहीं-कहीं बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. ऐसे में राज्य के पूर्वी हिस्सों में रहने वाले लोगों को अगले एक-दो दिन मौसम में बदलाव के लिए तैयार रहना होगा. बारिश के बाद तापमान में भी कुछ बदलाव महसूस हो सकता है.

पहाड़ों पर बदलेगा मौसम

उत्तराखंड में भी नवंबर की शुरुआत बारिश के साथ हो सकती है. मौसम विभाग ने 1 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. पहाड़ी इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.

आईएमडी के मुताबिक, राज्य में 2 नवंबर तक कहीं-कहीं बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के कुछ हिस्सों में भी इस दौरान बारिश होने का अनुमान है. ऐसे में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल सकता है. पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है.

बिहार-झारखंड में झमाझम बारिश के आसार

बिहार में रविवार को कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 1 नवंबर को राज्य में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. बिहार में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

IMD के मुताबिक, 1 नवंबर को झारखंड के भी कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि, बिहार की तरह झारखंड के लिए भारी बारिश का अनुमान नहीं है. राज्य के अलग-अलग इलाकों में बादलों की आवाजाही और छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है.

ओडिशा में बारिश के साथ तेज आंधी का खतरा

ओडिशा में 1 नवंबर को जोरदार बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. इससे पहले चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई थी. अब तूफान कमजोर पड़ चुका है, लेकिन उससे जुड़ी मौसमी गतिविधियों के कारण बारिश का सिलसिला कुछ क्षेत्रों में जारी रह सकता है.

ओडिशा में 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकते हैं. 2 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश भी हो सकती है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है.

मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम का मिजाज

मध्य भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है. वहीं, विदर्भ में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 1 नवंबर को बारिश की संभावना है, जबकि 2 और 3 नवंबर को कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.

छत्तीसगढ़ में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. 2 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में मध्य भारत के इन राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव बना रह सकता है.

आंध्र प्रदेश-तेलंगाना में IMD का अलर्ट

दक्षिण भारत के कई राज्यों में 1 नवंबर को बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है. वहीं तेलंगाना में भी 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने तेलंगाना में 1 और 2 नवंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है. आंध्र प्रदेश और यनम में 2 और 3 नवंबर को मूसलाधार बारिश हो सकती है, जबकि 1 और 4 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी 1 नवंबर से बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. इन इलाकों में 1 से 3 नवंबर के दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. केरल और माहे में 1 से 3 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. कर्नाटक के तटीय और आंतरिक हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश की संभावना

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी नवंबर के पहले सप्ताह में मौसम सक्रिय रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में भी 1 से 5 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों में भी मौसम खराब रहने की आशंका है. मौसम विभाग ने समुद्र में सक्रिय मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए मछुआरों के लिए चेतावनी जारी की है. बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में 1 नवंबर तक और आंध्र प्रदेश के तट तथा उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 1 से 4 नवंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *