दिल्ली: राजस्थान की कला और कलाकारों की कारीगरी कई बार ऐसी कहानियां सामने लाती है, जिन्हें देखकर नजरें ठहर जाती हैं. कुछ ऐसी ही खास कलाकृति लेकर जयपुर के कलाकार महेश प्रजापति दिल्ली के मास्टर क्रिएशन प्रदर्शनी में पहुंचे. उनकी बनाई पेंटिंग में भगवान महावीर के जीवन और उनके दीक्षा लेने के प्रसंग को दर्शाया गया है. इस पेंटिंग की खासियत है, इसमें की गई 24 कैरेट सोने की बारीक कारीगरी. कलाकार ने इसकी कीमत 10 लाख रुपये रखी है, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि वह इसे बेचना नहीं चाहते हैं.
पेंटिंग में समेटी भगवान महावीर की जीवन गाथा
आर्टिस्ट महेश के मुताबिक, इस पेंटिंग में भगवान महावीर के उस जीवन प्रसंग को दिखाया गया है, जब उन्होंने राज-पाट और सांसारिक सुख-सुविधाओं का त्याग कर दीक्षा ग्रहण की थी. राजसी जीवन छोड़कर संन्यास का रास्ता चुनने की यह कहानी पेंटिंग के जरिए दिखाई गई है. इसके अलग-अलग चित्रों में जैन धर्म से जुड़ी ऐतिहासिक और धार्मिक झलक देखने को मिलती है.
एक साल में हुई तैयार
इस कलाकृति को तैयार करना आसान नहीं था. महेश ने बताया कि इसे बनाने में करीब एक साल का समय लगा. वह लगातार काम नहीं करते थे, बल्कि रोजाना अपनी सुविधा के अनुसार दो, तीन, चार या पांच घंटे तक पेंटिंग पर काम करते थे. इसके बॉर्डर पर सोने से बेहद बारीक लाइनिंग की गई है. कलाकार के मुताबिक, इसमें इस्तेमाल किए गए सोने की कीमत करीब 60 से 70 हजार रुपये रही है.
10 लाख कीमत, लेकिन बेचना नहीं चाहते कलाकार
इस पेंटिंग की कीमत कलाकार ने 10 लाख रुपये रखी है. हालांकि, वह इसे बेचने के इच्छुक नहीं हैं. उनके लिए यह कलाकृति सिर्फ कमाई का जरिया नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, हुनर और कला की पहचान है. एक साल तक धीरे-धीरे तैयार की गई. इस पेंटिंग में उनकी बारीक कारीगरी साफ नजर आती है.
लंदन से थाईलैंड तक दिखा चुके हैं अपनी कला
कलाकार को अपनी कला के लिए पहले भी सम्मान मिल चुके हैं. उनके मुताबिक, साल 2000 में उन्हें एक सम्मान मिला था और 2007 में नेशनल मेरिट अवॉर्ड से नवाजा गया. इसके अलावा, भारत सरकार की ओर से उन्हें दो बार लंदन और एक बार थाईलैंड में कला का प्रदर्शन करने के लिए भेजा गया था.
