Last Updated:
How to Grow Lemon Grass Plant: सर्दियों में गर्मागर्म ग्रीन टी पीने का अपना ही मजा है. सेहत और स्वाद के चलते कई लोग अब सामान्य चाय-कॉफी की जगह ग्रीन टी पीना पसंद कर रहे हैं लेकिन इसके लिए बाजार से ग्रीन टी खरीदने की जरूरत नहीं है. आप घर की बालकनी या छत पर एक छोटे से गमले में लेमन ग्रास उगा सकते हैं. खास बात यह है कि इसे उगाने में ज्यादा खर्च भी नहीं आता.
चाय-कॉफी की जगह अगर आप भी ग्रीन टी पीना पसंद करते हैं, तो अब इसके लिए बाजार से महंगे पैकेट खरीदने की जरूरत नहीं है. आप अपने घर की बालकनी, छत या आंगन में ही ग्रीन टी के लिए इस्तेमाल होने वाली लेमन ग्रास उगा सकते हैं. खास बात यह है कि इसे लगाने के लिए बड़े बगीचे की जरूरत नहीं होती. एक सामान्य गमले में भी इसका पौधा आसानी से तैयार किया जा सकता है.
ठंड के मौसम में बागवानी का शौक रखने वालों के लिए लेमन ग्रास लगाना अच्छा विकल्प हो सकता है. खरगोन में लेमन ग्रास की खेती करने वाले किसान राघव देवस्थले ने बताया कि इसकी पत्तियों में नींबू जैसी खुशबू होती है और इनका इस्तेमाल हर्बल टी बनाने में किया जाता है. सुबह की चाय में ताजगी भरा स्वाद पसंद करने वाले लोग इसकी ताजी पत्तियों का इस्तेमाल कर सकते हैं. घर में पौधा होने से जरूरत के हिसाब से पत्तियां तोड़ना भी आसान रहता है.
लेमन ग्रास लगाने के लिए सबसे पहले सही गमले का चुनाव करना जरूरी है. इसके लिए कम से कम 10 से 12 इंच गहरा और चौड़ा गमला लें. गमले में पानी निकासी के लिए नीचे छेद होना चाहिए. इसमें सामान्य मिट्टी के साथ वर्मी कंपोस्ट या अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद मिलाएं. इससे पौधे की जड़ों को बढ़ने के लिए अच्छी जगह और पोषण मिलता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
लेमन ग्रास को बीज के बजाय इसकी जड़ों वाले तने से भी आसानी से लगाया जा सकता है. इसके लिए नर्सरी से लेमन ग्रास का छोटा पौधा खरीद सकते हैं. पौधा लगाते समय उसकी जड़ों को मिट्टी में अच्छी तरह दबाएं और ऊपर से हल्का पानी डालें. ध्यान रखें कि पौधा बहुत ज्यादा गहराई में न लगाया जाए. कुछ समय बाद इसकी नई पत्तियां निकलने लगती हैं.
पौधे की अच्छी बढ़त के लिए धूप का खास ध्यान रखना जरूरी है. लेमन ग्रास को ऐसी जगह रखें, जहां रोजाना 5 से 6 घंटे अच्छी धूप मिल सके. बालकनी या छत इसके लिए बेहतर जगह हो सकती है. हालांकि सर्दियों में बहुत ज्यादा ठंडी हवा और पाले से पौधे को बचाना चाहिए. तापमान कम होने पर गमले को ऐसी जगह रख सकते हैं, जहां पर्याप्त रोशनी भी मिलती रहे.
एक्सपर्ट बताते हैं कि लेमन ग्रास की देखभाल में सबसे जरूरी काम सही मात्रा में पानी देना है. मिट्टी में नमी बनी रहनी चाहिए लेकिन गमले में पानी जमा नहीं होना चाहिए. सर्दियों में गर्मियों की तुलना में पौधे को कम पानी की जरूरत पड़ सकती है, इसलिए रोजाना पानी डालने के बजाय पहले मिट्टी की ऊपरी परत को छूकर देखें. मिट्टी सूखी लगे, तभी पानी दें.
पौधे को हरा-भरा और घना बनाने के लिए समय-समय पर सूखी और पीली पत्तियों को हटाते रहें. महीने में एक बार थोड़ी मात्रा में वर्मी कंपोस्ट या जैविक खाद डाल सकते हैं. इससे पौधे को पोषण मिलेगा और नई पत्तियां आने में मदद मिलेगी. अगर पौधे की पत्तियां बहुत ज्यादा बढ़ जाएं, तो उनकी हल्की कटाई भी कर सकते हैं.
लेमन ग्रास की पत्तियां इस्तेमाल करने के लिए पौधे के पूरी तरह विकसित होने का इंतजार करें. इसके बाद जरूरत के अनुसार बाहरी पत्तियों को काट लें. ग्रीन टी बनाने के लिए ताजी पत्तियों को अच्छी तरह धोकर छोटे टुकड़ों में काटें और गर्म पानी में कुछ मिनट डालकर रखें. इसके बाद छानकर इसका इस्तेमाल कर सकते हैं. स्वाद के लिए इसमें शहद या नींबू भी मिला सकते हैं.
