Kal Ka Mausam: कल जरा संभलकर रहें! MP में लो प्रेशर मचाएगा कोहराम, दिल्ली-यूपी समेत 20 राज्यों में IMD का अलर्ट

देशभर के कई हिस्सों में में इन दिनों मानसून पूरी तरह मेहरबान बना हुआ. दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार सहित कई राज्यों में बारिश का दौर तेज होने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, मध्य प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्से और आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब भी सक्रिय है. इसके साथ ही कई ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) भी मौसम को प्रभावित कर रहे हैं. इन मौसमी सिस्टम के कारण मध्य भारत, पूर्वी भारत, उत्तर-पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

आईएमडी के मुताबिक, कल यानी 23 अगस्त को छत्तीसगढ़ और ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा मध्य प्रदेश, विदर्भ, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक, केरल, अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, बिहार और तमिलनाडु-पुडुचेरी में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में फिलहाल मानसून ट्रफ का असर बना हुआ है. यह ट्रफ अमृतसर, नजीबाबाद और हरदोई से होते हुए मध्य प्रदेश में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और फिर झारखंड, दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैला है. इसके अलावा उत्तर हरियाणा और आसपास के इलाकों में ऊपरी वायुमंडलीय साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय है. इन दोनों सिस्टम के प्रभाव से दिल्ली के मौसम में अगले कुछ दिनों तक बदलाव देखने को मिल सकता है.

मौसम विभाग ने लो प्रेशर की वजह से देश के कुछ हिस्‍सों में जोरदार बारिश की संभावना जताई है. (फाइल फोटो/Reuters)

IMD के मुताबिक 23 अगस्त को दिल्ली में आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा और सुबह से दोपहर के बीच कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश की एक-दो झड़ी देखने को मिल सकती हैं. यानी राजधानी में फिलहाल तेज बारिश की संभावना कम है, लेकिन बादल और रुक-रुककर होने वाली बारिश लोगों को उमस से राहत दे सकती है. दिल्ली के आसपास के इलाकों में भी मौसम का मिजाज इसी तरह रहने की संभावना है.

यूपी में बारिश का दौर जारी

उत्तर प्रदेश में मानसून अभी पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 25 अगस्त तक कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. 23 अगस्त को पूर्वी यूपी के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को अगले दो दिनों के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 23 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. IMD के मुताबिक आने वाले दिनों में बारिश का असर धीरे-धीरे कम हो सकता है, लेकिन पूर्वी यूपी में 25 अगस्त तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है.

उत्तराखंड में 28 अगस्त तक झमाझम बारिश

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी मौसम फिलहाल राहत देने के मूड में नहीं है. IMD ने 28 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है. इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. राज्य में 22 से 28 अगस्त तक गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं.

हिमाचल प्रदेश में कल भारी बारिश की संभावना है, जबकि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के कई स्थानों पर भी कल बारिश हो सकती है. ऐसे में पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रा करने वालों को मौसम की ताजा स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

बिहार में तेज बारिश के साथ बिजली का खतरा

बिहार में 23 अगस्त को कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है. IMD ने इस दौरान मध्यम से गंभीर स्तर की बिजली गतिविधि की चेतावनी दी है. 23 अगस्त को राज्य के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है.

वहीं 24 से 27 अगस्त के बीच बिहार के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. यानी राज्य में बारिश का असर अगले कई दिनों तक बना रहने की संभावना है. लोगों को खासकर खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा आंधी-बिजली के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी जाती है.

झारखंड में भी खूब बरसेंगे बादल

झारखंड में 23 से 28 अगस्त तक कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. 23 और 24 अगस्त को राज्य के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा 22 से 26 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है.

IMD ने झारखंड के लिए आने वाले दिनों में भारी बारिश का दौर रहने का अनुमान जताया है. खासकर 23-24 अगस्त के दौरान भारी बारिश को देखते हुए निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी. पड़ोसी बिहार और पश्चिम बंगाल में सक्रिय मौसम प्रणाली का असर भी झारखंड के मौसम पर पड़ सकता है.

ओडिशा-छत्तीसगढ़ में बारिश बढ़ाएगी मुसीबत

23 अगस्त को ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश मौसम का सबसे बड़ा केंद्र रह सकती है. छत्तीसगढ़ में 22 और 23 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है. राज्य में 22 से 26 अगस्त तक गरज-चमक की गतिविधियां भी बनी रह सकती हैं.

ओडिशा में 22 से 28 अगस्त के बीच अलग-अलग इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसम सिस्टम का असर पूर्वी तट पर साफ दिखाई दे सकता है. मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि कई समुद्री हिस्सों में तेज हवाओं के साथ खराब मौसम की स्थिति बनने की संभावना है.

मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी बारिश का दौर

मध्य प्रदेश में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अगले कुछ दिनों तक मौसम को प्रभावित करता रहेगा. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 22 से 25 अगस्त और पूर्वी मध्य प्रदेश में 23 से 26 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है.

विदर्भ में 23 और 24 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान है. वहीं छत्तीसगढ़ में 24 से 28 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. मध्य भारत में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण कई इलाकों में नदियों और नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी.

दक्षिण भारत में भी बारिश और तेज हवाएं

दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप में 28 अगस्त तक कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 23-24 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है. केरल और तेलंगाना में 23 से 25 अगस्त के दौरान भारी बारिश का अलर्ट है.

तमिलनाडु और पुडुचेरी में 24-25 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है. आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.इसे देखते हुए समुद्री इलाकों में तेज हवाओं के कारण मछुआरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तट के पास एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय हो रहा है. इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में इसी क्षेत्र में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इससे पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं.

कुल मिलाकर अगले कुछ दिन देश के कई हिस्सों के लिए बारिश वाले रहने वाले हैं. दिल्ली में हल्की बारिश से लेकर पूर्वी यूपी, मध्य प्रदेश, बिहार-झारखंड और ओडिशा-छत्तीसगढ़ में भारी बारिश तक, मानसून का असर व्यापक रहने वाला है. साथ ही गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं को लेकर भी कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *