कुमामोतो (जापान). जर्मनी में खिताब जीतकर फॉर्म में लौटे भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में जगह बनाने के लिए मंगलवार से शुरू हो रहे कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर 500 टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करना होगा. विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर काबिज लक्ष्य ने हाइलो ओपन का खिताब जीतकर मुश्किल दौर को पीछे छोड़ा है.
वह जापान में पांच लाख डॉलर की इनामी राशि वाले टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत चीनी ताइपे के विश्व में 24वें नंबर के खिलाड़ी ची यू जेन के खिलाफ करेंगे. आठवीं वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी फिलहाल बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर रैंकिंग में 10वें स्थान पर है. चीन में होने वाले सत्र के समापन टूर्नामेंट में क्वालीफाई करने के लिए उन्हें शीर्ष आठ में जगह बनानी होगी.
अल्मोड़ा के 25 वर्षीय लक्ष्य का ची यू जेन के खिलाफ जीत-हार का रिकॉर्ड 1-1 है. इस सप्ताह कुमामोटो में और अगले सप्ताह हांगकांग ओपन सुपर 500 में अच्छा प्रदर्शन उन्हें विश्व टूर फाइनल्स का टिकट दिला सकता है. विश्व टूर फाइनल्स का आयोजन नौ से 13 दिसंबर तक होगा.
पुरुष एकल में भारत के किदांबी श्रीकांत भी चुनौती पेश करेंगे. इसी साल जून में अमेरिका ओपन के फाइनल तक पहुंचने वाले श्रीकांत का सामना डेनमार्क के रासमुस गेम्के से होगा. महिला एकल में मालविका बंसोड़ की भिड़ंत जापान की पांचवीं वरीय तोमोका मियाजाकी से होगी.
पुरुष युगल में विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज और छठी वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी तथा चिराग शेट्टी की जोड़ी फिर से जीत की लय हासिल करने के इरादे से उतरेगी. चीन मास्टर्स का खिताब जीतने के बाद भारतीय जोड़ी को लगातार तीन टूर्नामेंट में पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा है.
एशियाई खेलों में अपने स्वर्ण पदक का बचाव करने में नाकाम रही भारतीय जोड़ी के सामने चीन के पांचवीं वरीय वांग चांग और शिए हाओनान की चुनौती होगी. सात्विक और चिराग ने इस साल सिंगापुर ओपन का खिताब भी अपने नाम किया था. बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर रैंकिंग में 58,550 अंकों के साथ वे फिलहाल 12वें स्थान पर हैं.
बीडब्ल्यूएफ के नियमों के मुताबिक, किसी देश की अधिकतम दो जोड़ियां ही विश्व टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई कर सकती हैं, बशर्ते वे शीर्ष आठ में जगह बनाएं. फिलहाल इंडोनेशिया और मलेशिया की दो-दो जोड़ियां शीर्ष आठ में शामिल हैं. दक्षिण कोरिया, इंग्लैंड, चीन और डेनमार्क का भी इस सूची में प्रतिनिधित्व है.
पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एम.आर. अर्जुन की भारतीय जोड़ी का मुकाबला तीसरी वरीयता प्राप्त मलेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक से होगा. महिला युगल में त्रीशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी जापान की हिनाता सुजुकी और नाओ यामाकिता से भिड़ेगी.
मिश्रित युगल में हरिहरन और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी को शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन के जियांग झेन बांग और वेई या शिन की चुनौती का सामना करना होगा जबकि ध्रुव रावत और के. मनीषा की जोड़ी चीनी ताइपे के चौथी वरीयता प्राप्त ये होंग वेई और निकोल गोंजालेस चान से भिड़ेगी.
