गाजियाबाद वालों के लिए गुड न्यूज, गंगनहर में लौटेगी पानी की धारा, आज से दूर होगी किल्लत

Last Updated:

Trans Hindon Water Crisis End: दिवाली से पहले गाजियाबाद के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. पिछले कई दिनों से गंगाजल की सप्लाई बंद होने के कारण शहर के लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे थे. अब अच्छी खबर है. आज रात से हरिद्वार से गंगनहर में पानी छोड़ा जाएगा.

गंगनहर में लौटेगी पानी की धारा.

गाजियाबाद: दिवाली के मौके पर गाजियाबाद के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. पिछले कई दिनों से पानी की किल्लत झेल रहे लोगों की परेशानी अब खत्म होने वाली है. हरिद्वार से आने वाली गंगा की धारा आज रात से एक बार फिर गंगनहर में पहुंचने लगेगी. गंगनहर की सफाई के चलते इसमें पानी की सप्लाई बंद कर दी गई थी. इससे गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन समेत कई इलाकों में पेयजल का संकट पैदा हो गया था. अब यूपी सरकार ने गंगनहर की बंदी आगे बढ़ाने की मांग को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है. ऐसे में 7 नवंबर की रात से नहर में पानी छोड़ दिया गया होगा. उम्मीद है कि रविवार से शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई सामान्य हो जाएगी.

‘आगे नहीं बढ़ेगी गंगनहर की बंदी’
गंगनहर की सफाई के लिए तय समय पर पानी की सप्लाई रोकी गई थी. इस बीच उत्तराखंड की ओर से नहर की बंदी की अवधि बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी. इसे लेकर लगातार बातचीत भी चल रही थी. हालांकि, यूपी सरकार ने साफ कर दिया कि तय समय से आगे गंगनहर को बंद नहीं रखा जा सकता. इस संबंध में यूपी सरकार ने 6 नवंबर को उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को पत्र भेजा था. इसमें कहा गया कि निर्धारित अवधि से आगे गंगनहर की बंदी बढ़ाना संभव नहीं है. इसके बाद नहर में पानी छोड़ने को लेकर बना सस्पेंस भी खत्म हो गया.

ट्रांस हिंडन समेत कई इलाकों में थी पानी की किल्लत
गंगनहर में पानी बंद होने का असर गाजियाबाद के लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ा. शहर के कई इलाकों में गंगाजल की सप्लाई प्रभावित हुई. खासकर ट्रांस हिंडन क्षेत्र के लोगों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ी. घरों में पानी की जरूरत पूरी करने के लिए लोगों को दूसरे इंतजाम करने पड़े. अब गंगनहर में पानी छोड़े जाने के बाद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. रविवार से गाजियाबाद के अलग-अलग इलाकों में पानी की सप्लाई सामान्य करने की कोशिश की जाएगी. इससे दिवाली के मौके पर लोगों को पानी की किल्लत से छुटकारा मिल सकता है.

About the Author

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *