दिल्ली में बढ़ रहे निमोनिया के मामले? प्रदूषण कर रहा फेफड़ों पर अटैक, छोटे बच्चों में इन 5 लक्षणों को पहचानें

दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गया है. इससे खासतौर पर छोटे बच्चों के सांस संबंधी स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है. ऐसे में विश्व निमोनिया दिवस 12 नवंबर पर डॉक्टरों ने पेरेंट्स को बच्चों में निमोनिया के लक्षणों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है. साथ ही कहा है कि अगर समय पर इस बीमारी की पहचान नहीं की गई तो बच्चों में यह स्थिति गंभीर हो सकती है.

भारत में सबसे ज्यादा निमोनिया से मौतें?
दुनियाभर के मेडिकल आंकड़ों के मुताबिक भारत में बचपन के निमोनिया का बोझ दुनिया में सबसे ज्यादा है. भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय के जन्म-मृत्यु संबंधी आंकड़ों (SRS 2021–23) के अनुसार, 0 से 4 वर्ष की आयु के बच्चों की कुल मौतों में निमोनिया की हिस्सेदारी 16.3 प्रतिशत रही है. इस आयु वर्ग में यह मृत्यु का दूसरा सबसे बड़ा कारण है. वहीं, 2025 के अंत में फोरम ऑफ इंटरनेशनल रेस्पिरेटरी सोसाइटीज (FIRS) द्वारा जारी वैश्विक अनुमानों के अनुसार, भारत में हर साल पांच साल से कम उम्र के लगभग 1.29 लाख बच्चों की मौत निमोनिया के कारण हो जाती है जो दुनिया के किसी भी देश से ज्यादा है. ऐसे में यह मौतों का सबसे बड़ा कारण बनकर उभर रहा है.

सर्दी आते ही बढ़ गया संकट

डॉक्टरों का कहना है कि सर्दियों के मौसम में यह चिंता और बढ़ जाती है. खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर के बच्चों में इस बीमारी का खतरा तेजी से बढ़ रहा है क्योंकि बाहरी और घर के अंदर होने वाला वायु प्रदूषण सांस संबंधी लक्षणों को गंभीर बना सकता है और बच्चों की संक्रमण से लड़ने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है. हालांकि, प्रदूषण हर बार निमोनिया का प्रत्यक्ष कारण नहीं होता, लेकिन खराब वायु गुणवत्ता श्वसन तंत्र की प्राकृतिक सुरक्षा प्रणाली को कमजोर कर सकती है और पहले से मौजूद समस्याओं को बढ़ा सकती है.

छोटे बच्चों के फेफड़ों पर हो रहा अटैक 

इस बारे में नई दिल्ली स्थित पैसिफिक वनहेल्थ के कंसल्टेंट इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी डॉ. आदित्य के चावला ने कहा, “बच्चों के फेफड़े अभी विकसित हो रहे होते हैं और उनका श्वसन तंत्र पर्यावरण में मौजूद हानिकारक तत्वों तथा संक्रमणों के प्रति विशेष रूप से संवेदनशील होता है. प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर अभिभावकों को लगातार खांसी, बुखार, तेज सांस चलने या सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षणों पर ध्यान देना चाहिए. अगर बच्चा असामान्य रूप से सुस्त है, दूध या भोजन नहीं ले पा रहा है. या उसे सांस लेने में परेशानी हो रही है, तो तुरंत चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए. निमोनिया को सामान्य मौसमी खांसी-जुकाम समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.”

डॉक्टर बोले-बच्चों में टीकाकरण न छूटे

बाल रोग विभाग की एचओडी और डायरेक्टर डॉ. नीता केजरीवाल ने कहा, “अभिभावकों को राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम का पालन करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चों को सभी अनुशंसित टीकों की खुराक समय पर मिले. अच्छा पोषण, जीवन के पहले छह महीनों तक केवल स्तनपान, उम्र के अनुसार पूरक आहार और घर को धुएं से मुक्त रखना भी बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है. टीकाकरण केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का उपाय नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के बच्चों की सुरक्षा का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है.”

खुद से न दें बच्चों को दवाएं

डॉक्टरों ने कहा कि पुराने पर्चों के आधार पर या कैमिस्ट को लक्षण बताकर खुद दवाएं खरीदने और बच्चों को देने की आदत पर पेरेंट्स को लगाम लगानी होगी, नहीं तो नुकसान हो सकता है. उन्होंने खुद से दवाइयां देने और एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक इस्तेमाल को लेकर भी आगाह किया है. निमोनिया बैक्टीरिया, वायरस या फंगस के कारण हो सकता है और इसका उपचार संक्रमण के कारण व चिकित्सकीय जांच पर निर्भर करता है. हर खांसी या बुखार में एंटीबायोटिक की जरूरत नहीं होती.अभिभावकों को बची हुई दवाओं का इस्तेमाल करने या डॉक्टर से परामर्श लेने में देरी करने के बजाय समय पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *