Bikaner News: रिंग में बरसेंगे मुक्के, दांव पर होगी राजस्थान की शान, 200 से ज्यादा बॉक्सरों का महामुकाबला

बीकानेर. दमदार पंच, फुर्ती और रोमांचक मुकाबलों के लिए बीकानेर का डॉ. करणी सिंह स्टेडियम तैयार है. यहां 42वीं राजस्थान राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष एलीट बॉक्सिंग चैंपियनशिप का गुरुवार को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच भव्य शुभारंभ हुआ. प्रदेश के 26 जिलों से 200 से अधिक मुक्केबाज इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं. खास बात यह है कि बीकानेर को पहली बार इस राज्य स्तरीय चैंपियनशिप की मेजबानी का अवसर मिला है. तीन दिवसीय प्रतियोगिता 12 से 14 नवंबर तक आयोजित होगी. राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष बॉक्सिंग चैंपियनशिप का पहली बार बीकानेर में आयोजन होना शहर के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

प्रतियोगिता के आयोजन सचिव राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि उद्घाटन समारोह में खेल के साथ राजस्थानी संस्कृति की भी शानदार झलक देखने को मिली. बीकानेर की नन्हीं कलाकारों ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में घूमर सहित विभिन्न लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी. लोकसंगीत और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए. प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों ने भी इन प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया.

10 अलग-अलग भार वर्गों में मुकाबले खेले जाएंगे

राजस्थान बॉक्सिंग संघ के सचिव डॉ. नरेंद्र कुमार निर्वाण ने बताया कि इस चैंपियनशिप में मुक्केबाजों के बीच 10 अलग-अलग भार वर्गों में मुकाबले खेले जाएंगे. इनमें 47 से 50 किलोग्राम, 50 से 55, 55 से 60, 60 से 65, 65 से 70, 70 से 75, 75 से 80, 80 से 85, 85 से 90 और 90 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग शामिल हैं. हर वर्ग में खिलाड़ी अपनी ताकत, तकनीक, फुर्ती और रणनीति के दम पर प्रतिद्वंद्वी को चुनौती देंगे. प्रतियोगिता में बीकानेर के अलावा जयपुर, जोधपुर, अजमेर, सीकर, दौसा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, करौली, कोटा, उदयपुर, पाली, नागौर, धौलपुर और बूंदी सहित प्रदेश के 26 जिलों के मुक्केबाज भाग ले रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का खिलाड़ियों के लिए विशेष महत्व है.

यहां शानदार प्रदर्शन करने वाले स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाजों को आगामी 10वीं एलीट पुरुष राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा. प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ियों के साथ राष्ट्रीय पदक विजेता और खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके मुक्केबाज भी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं. उन्होंने बताया कि प्रदेशभर से आने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की सुविधा को देखते हुए आयोजन समिति की ओर से व्यवस्थाएं की गई हैं. खिलाड़ियों के ठहरने के लिए बीदासर हाउस, सरदार हॉल सहित अन्य स्थानों पर इंतजाम किए गए हैं. आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बीकानेर में बॉक्सिंग खेल को बढ़ावा देना भी है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *