दिल्ली. दिल्ली में लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां तेज हो गई हैं. राजधानी के अलग-अलग घाटों पर साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर काम किया जा रहा है. इसी कड़ी में ITO स्थित छठ घाट पर भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. यहां घाट को आकर्षक रूप देने के साथ-साथ सुरक्षा, साफ-सफाई और व्रतियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
इस बार ITO घाट पर पिछले साल के मुकाबले अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. आयोजन समिति से जुड़े परविंदर मिश्रा ने बताया कि पिछले साल यहां करीब 30 हजार व्रती महिलाओं के आने का अनुमान था, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर करीब 50 हजार तक पहुंच सकती है. घाट के दोनों ओर श्रद्धालुओं की संख्या को मिलाकर करीब एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. इससे पूर्वी दिल्ली के बड़े हिस्से के लोगों को छठ पूजा के लिए एक बेहतर स्थान मिल सकेगा.
सुरक्षा के लिए बढ़ाई जा रही व्यवस्थाएं
इस बार घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कुछ बदलाव किए जा रहे हैं. पिछले साल बैरिकेडिंग के दौरान एक बच्चा गिर गया था. इसे देखते हुए आयोजन समिति ने इस बार रेलिंग लगाने की सिफारिश की है, ताकि पूजा के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो. इसके अलावा कपड़े बदलने के लिए बनाए जाने वाले चेंजिंग रूम की संख्या भी बढ़ाई जा रही है. पिछले साल जहां करीब 7-8 चेंजिंग रूम थे, वहीं इस बार इनकी संख्या 12 से 15 करने का प्रस्ताव है.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निगरानी के लिए CCTV कैमरे लगाने के साथ-साथ नावों की संख्या बढ़ाने की भी योजना है. समिति की ओर से इस बार 8 से 10 नावों को रोटेशन के आधार पर इस्तेमाल करने का प्रस्ताव रखा गया है.
घाट पर सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी
ITO घाट पर इस बार सजावट भी खास आकर्षण रहने वाली है. यहां दीवारों पर खूबसूरत कलाकृतियां बनाई गई हैं, जिनमें कला और संस्कृति की झलक देखने को मिल रही है. घाट के आसपास सफाई का काम लगातार जारी है. पानी की सफाई के लिए मशीनें भी लगाई गई हैं, जो लगातार काम कर रही हैं. इसके अलावा यहां एक बड़ा तालाब तैयार किया जा रहा है. घाट के पीछे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच बनाया गया है, जहां छठ के दौरान अलग-अलग सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
खाने और ठहरने की भी व्यवस्था
छठ पूजा के लिए कई श्रद्धालु दूर-दराज के इलाकों से भी पहुंचते हैं. ऐसे में उनके लिए वापस घर जाना मुश्किल हो जाता है. इसे ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति की ओर से घाट पर टेंट और रुकने की व्यवस्था की जा रही है. श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने का इंतजाम भी रहेगा. जो लोग रात में रुकना चाहेंगे, वे यहां आराम कर सकेंगे.
दिल्ली में 20 से 25 कृत्रिम घाट बनने की संभावना
आयोजन समिति से जुड़े परविंदर के मुताबिक, दिल्ली में इस बार करीब 20 से 25 कृत्रिम घाट बनाए जाने की संभावना है. वहीं ITO घाट पर इस बार अधिक से अधिक लोगों को पूजा के लिए बेहतर सुविधाएं देने की कोशिश की जा रही है. छठ पूजा का पहला चरण नहाय-खाय से शुरू होगा. इसके बाद व्रती महिलाएं खरना करेंगी और फिर मुख्य पर्व के तहत अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा.
घाट पर तैयारियां इसी क्रम को ध्यान में रखकर की जा रही हैं. इस बार आयोजन समिति की कोशिश है कि जो लोग पहले घरों की छतों, पार्कों या दूसरी जगहों पर छठ पूजा करते थे, वे भी घाट पर आकर सामूहिक रूप से पूजा कर सकें. समिति का मानना है कि नदी या जलाशय के किनारे पूजा करने का अपना अलग महत्व और अनुभव है.
