Last Updated:
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब में जाल बिछाकर कुख्यात शूटर जसविंदर उर्फ जस्सी को गिरफ्तार किया है. जस्सी, विदेश में छिपे गैंगस्टर गुरजंट जिंटा और अर्श डल्ला सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य है. उसने 2025 में दिल्ली के जगतपुरी इलाके में एक कारोबारी पर 5 करोड़ की रंगदारी के लिए फायरिंग की थी. भुल्लर की मौत के बाद गैंग संभालने वाला जिंटा विदेश से ही जस्सी के जरिए उगाही नेटवर्क चला रहा था.
पुलिस मामले की जांच कर रही है.
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (ईस्टर्न रेंज) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए विदेश में बैठे गैंगस्टर गुरजंट जिंटा के बेहद करीबी और खूंखार शूटर जसविंदर उर्फ जस्सी को गिरफ्तार कर लिया है. जस्सी की गिरफ्तारी पंजाब से हुई, जहां स्पेशल सेल की टीवाईआर (TYR) यूनिट ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर उसे धर दबोचा. आरोपी जसविंदर पर दिल्ली के जगतपुरी इलाके में एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और उस पर फायरिंग करने का गंभीर आरोप है.
जगतपुरी फायरिंग कांड
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले साल 2025 में दिल्ली के जगतपुरी इलाके में एक प्रमुख कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी. इस हमले का मकसद दहशत पैदा कर 5 करोड़ रुपये की मोटी रंगदारी वसूलना था. फायरिंग के तुरंत बाद कारोबारी को अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकी भरे फोन कॉल्स भी आए थे. तफ्तीश में सामने आया कि इस हमले के पीछे गुरजंट जिंटा गैंग का हाथ था और जसविंदर ने ही इस वारदात को अंजाम दिया था. वारदात के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था और अपनी पहचान छिपाकर पंजाब में ठिकाने बदल रहा था.
अर्श डल्ला और जिंटा गैंग का खतरनाक नेटवर्क
पुलिस जांच में यह भी साफ हुआ है कि गुरजंट जिंटा गैंग का सीधा संबंध कुख्यात गैंगस्टर अर्श डल्ला के साथ है. दरअसल, गैंगस्टर भुल्लर की मौत के बाद गुरजंट जिंटा ने गिरोह की कमान संभाली थी और वह विदेश फरार हो गया था. वहीं बैठकर जिंटा भारत में अपने शूटर्स के जरिए बड़े व्यापारियों और रसूखदार लोगों को निशाना बनाकर जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) का काला धंधा चला रहा है. जसविंदर इस गैंग का एक सक्रिय और भरोसेमंद शूटर है जिसे विशेष रूप से दिल्ली-एनसीआर में वारदातों के लिए भेजा जाता था.
ऐसे हुई गिरफ्तारी
स्पेशल सेल की पूर्वी रेंज की टीमों को इनपुट मिला था कि जसविंदर पंजाब के एक सुरक्षित ठिकाने पर छिपा हुआ है. इसके बाद दिल्ली पुलिस की कई टीमों ने पंजाब में डेरा डाला. टेक्निकल सर्विलांस और जमीनी खुफिया जानकारी की मदद से सटीक लोकेशन का पता लगाया गया. टीवाईआर यूनिट ने एक ऑपरेशन के तहत जसविंदर को चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया. पुलिस अब जसविंदर से पूछताछ कर रही है ताकि गैंग के अन्य सदस्यों और दिल्ली में उनके अगले संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.
सवाल-जवाब
जसविंदर उर्फ जस्सी का गुरजंट जिंटा और अर्श डल्ला से क्या संबंध है?
जसविंदर, गुरजंट जिंटा गैंग का मुख्य शूटर है. जिंटा ने भुल्लर की मौत के बाद गैंग संभाला और वह अर्श डल्ला के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है. ये दोनों मिलकर विदेश से भारत में रंगदारी और टारगेट किलिंग का सिंडिकेट चला रहे हैं.
जगतपुरी इलाके में हुई वारदात का मुख्य कारण क्या था?
वारदात का मुख्य कारण एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलना था. दहशत फैलाने के लिए जसविंदर ने कारोबारी के ठिकाने पर फायरिंग की थी और बाद में विदेश से फोन कॉल कर धमकी दी गई थी.
About the Author
पत्रकारिता में 14 साल से भी लंबे वक्त से सक्रिय हूं. साल 2010 में दैनिक भास्कर अखबार से करियर की शुरुआत करने के बाद नई दुनिया, दैनिक जागरण और पंजाब केसरी में एक रिपोर्टर के तौर पर काम किया. इस दौरान क्राइम और…और पढ़ें
