लखनऊ/गाजियाबाद/कानपुर : उत्तर प्रदेश में 23 से 28 मार्च के बीच मौसम तेजी से बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के लखनऊ केंद्र की ताजा रिपोर्ट के विश्लेषण से संकेत मिल रहे हैं कि प्रदेश में पहले गर्मी का असर बढ़ेगा और उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश और गरज-चमक का दौर शुरू होगा. इससे मौसम में अच्छी खासी ठंडक बढे़गी. फील होगा कि दिसंबर टाइप मौसम हो रहा है, जैसा अभी देखने को मिल रहा है. हालांकि प्रदेश में लगातार ऐसे आसार नहीं बने रहने हैं. यहां अचानक गर्मी का असर बढ़ेगा और दिन में तेज धूप लोगों को परेशान करेगी. यूपी का मौसम कैसा रहने वाला है, आइये जानते हैं.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान कह रहा है कि 23, 24 और 25 मार्च तक पूरे यूपी में मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान तापमान में उछाल देखने को मिलेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में 4 से 7 डिग्री तक वृद्धि होने का अनुमान है.
हालांकि आपको मायूस होने की जरूरत नहीं है. 26 मार्च से मौसम करवट लेगा. विभाग के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिसके असर से 26 मार्च को पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इसके बाद 27 मार्च को पूर्वी यूपी में और 28 मार्च को फिर पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई गई है.
- मौसम विभाग ने फिलहाल इस टाइम के लिए कोई औपचारिक चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन तापमान में तेजी से बढ़ोतरी के कारण दिन में गर्मी से परेशानी बढ़ सकती है. वहीं 26 मार्च के बाद अचानक मौसम बदलने से तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है.
इससे पहले बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज-चमक दर्ज की गई. साथ ही कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं और कुछ जगहों पर सुबह के समय कोहरा भी देखने को मिला, जहां विजिबिलिटी 50 मीटर तक दर्ज की गई. तापमान के रुझान की बात करें तो अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी, जबकि न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. ऐसे में दिन और रात के तापमान के बीच अंतर बढ़ेगा, जिससे स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है.
23-25 मार्च: इन जिलों में बढ़ेगी गर्मी
इन तीन दिनों में पूरे प्रदेश में धूप तेज रहेगी, खासकर पश्चिमी यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, अलीगढ़, बरेली बेल्ट में. वहीं, पूर्वी यूपी में वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, आजमगढ़, जौनपुर और आसपास के दूसरे जिलों में धूप रहेगी. हालांकि कुछ जगहों पर आसमान में बादल रहेंगे.
26 मार्च: पश्चिमी यूपी में बारिश की शुरुआत
26 मार्च को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे पश्चिमी यूपी के कई जिलों में मौसम बदलेगा. मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.
27 मार्च: पूर्वी यूपी में असर
27 मार्च को मौसम का असर पूर्वी यूपी की ओर शिफ्ट हो जाएगा. गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है.
28 मार्च: फिर पश्चिमी यूपी में एक्टिविटी
28 मार्च को फिर से पश्चिमी यूपी में मौसम सक्रिय हो सकता है. आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, एटा में बौछारें और गरज-चमक की संभावना जताई गई है.
