Last Updated:
Delhi Assembly Latest News: दिल्ली विधानसभा में पालम आग हादसे को लेकर मंत्री आशीष सूद ने आम आदमी पार्टी पर कई आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि पहले की घटनाओं में जिम्मेदारी से बचने के लिए आरोप लगाए गए, जबकि अब ‘लाशों पर राजनीति’ की जा रही है.
दिल्ली विधानसभा में पालम इलाके में हुई आग की घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है
नई दिल्ली.दिल्ली विधानसभा में पालम इलाके में हुई आग की घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है. दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (AAP) को घेरते हुए कहा कि बुरा तब लगता है जब लाशों के ऊपर भी राजनीति की जाती है. विधानसभा में बोलते हुए सूद ने कहा कि इस मामले की जांच पुलिस कर रही है और सच्चाई सामने आएगी लेकिन इस तरह की घटनाओं पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप करना गलत है.
‘पहले भी जिम्मेदारी से बचती रही है सरकार’
आशीष सूद ने पुराने आग हादसों का जिक्र करते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि साल 2018 में बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में आग लगी थी,जिसमें 17 लोगों की मौत हुई थी. उस समय की सरकार ने जिम्मेदारी एमसीडी के लाइसेंसिंग विभाग पर डाल दी जबकि उस वक्त एमसीडी में बीजेपी थी.
उन्होंने फरवरी 2019 के करोल बाग के अर्पित होटल आग हादसे का भी जिक्र किया, जिसमें 17 लोगों की जान गई थी. सूद के मुताबिक, उस समय भी सरकार ने एनओसी में भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर एमसीडी को जिम्मेदार ठहराया था.
मुंडका और अनाज मंडी हादसों का भी जिक्र
मंत्री सूद ने मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया और अनाज मंडी में लगी आग की घटनाओं को भी उठाया जहां कई लोगों की जान गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि आप नेताओं ने इन घटनाओं में भी जिम्मेदारी लेने से बचते हुए बीजेपी पर आरोप लगाए.
पालम में हमने राजनीति नहीं की: सूद
पालम आग हादसे पर बोलते हुए सूद ने कहा कि उनकी सरकार ने इस मामले में राजनीतिक रंग देने की कोशिश नहीं की. उन्होंने कहा कि हमने यह नहीं कहा कि जिस व्यक्ति के घर आग लगी, वह किसी पार्टी का कार्यकर्ता है. सूद ने घटना के तकनीकी पहलुओं का जिक्र करते हुए बताया कि इलेक्ट्रॉनिक शटर नहीं खुल पाया और बाहर निकलने का सिर्फ एक ही रास्ता था. बेसमेंट में थिनर और ज्वलनशील पदार्थ रखे थे, जिससे आग तेजी से फैली. उन्होंने यह भी कहा कि इन तथ्यों के बावजूद सरकार ने किसी राजनीतिक दल को दोषी नहीं ठहराया.
पहले मीडिया को ठहराया गया जिम्मेदार
आशीष सूद ने ईस्ट दिल्ली के बच्चों के अस्पताल में आग की घटना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस समय के मंत्री सौरभा भारद्वाज ने मीडिया को ही जिम्मेदार ठहरा दिया था.
