दिल्ली में स्वाइन फ्लू की दस्तक! क्या हैं लक्षण, कब और कहां कराएं जांच? बचाव के लिए करें ये उपाय

Swine Flu in Delhi: दिल्ली-एनसीआर में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. कुछ ही दिनों में अब तक 1,349 मामले H1N1 इन्फ्लूएंजा या स्वाइन फ्लू के दर्ज हो चुके हैं. इस साल ये मामले पांच गुने से भी ज्यादा बढ़ गए हैं, जबकि पिछले साल राजधानी में स्वाइन फ्लू के सिर्फ 229 मामले ही सामने आए थे. हालांकि अभी तक कोई मौत सामने नहीं आई है लेकिन मॉनसून में इस बीमारी का डर अब बढ़ता जा रहा है.

हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है, अगर लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर के पास दिखाने जाएं. अचानक बदलते तापमान, बढ़ती उमस और लोगों का ज्यादातर समय घरों या बंद जगहों पर बिताने से इस इन्फ्लूएंजा वायरस के फैलने की संभावना बढ़ जाती है.

क्या हैं स्वाइन फ्लू के लक्षण

  1. तेज बुखार (अक्सर 102°F से ऊपर)
  2. लगातार खांसी
  3. गले में तेज दर्द या खराश
  4. शरीर और मांसपेशियों में दर्द
  5. अत्यधिक थकान और कमजोरी
  6. नाक बंद होना या बहना
  7. सिरदर्द
  8. बच्चों में उल्टी या दस्त

कब कराएं जांच

देखा जाए तो ये लक्षण सामान्य वायरल फीवर या मौसमी फ्लू जैसे लगते हैं, यही वजह है कि इसकी जांच कराना जरूरी है. सबसे पहले डॉक्टर को दिखाने जाएं और अगर वह जांच लिखते हैं तो तुरंत कराएं, इसके साथ ही कोरोना के समय अपनाई गईं एहतियातें बरतना शुरू कर दें. हालांकि आप खुद भी इसकी जांच करा सकते हैं.

स्वाइन फ्लू की जांच के लिए सबसे बेहतर RT-PCR (Real-Time PCR) है. इसके लिए मरीज के नाक या गले का स्वैब लिया जाता है. यह जांच बिल्कुल ऐसे ही होती है जैसे कोरोना की होती है.

क्या जांच के लिए डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन की जरूरत?

ज्यादातर निजी लैब्स डॉक्टर की सलाह या प्रिस्क्रिप्शन मांगते हैं. हालांकि अगर लक्षण हल्के हैं तो घर पर आराम और लक्षण के अनुसार इलाज भी करा सकते हैं. लेकिन अगर बुखार 3 दिन से ज्यादा रहे, सांस लेने में तकलीफ हो या हाई रिस्क ग्रुप (बुजुर्ग, बच्चे, प्रेग्नेंट महिलाएं, डायबिटीज, हाई BP, दिल-गुर्दे की बीमारी वाले) हो तो डॉक्टर से जरूर मिलें.

जांच कितने रुपये में होगी?
दिल्ली-एनसीआर में स्वाइन फ्लू के टेस्ट की कीमत अलग-अलग है. प्राइवेट लैब्स में कीमत आमतौर पर 3,500 से 4,600 के बीच हो सकती है. हालांकि सरकारी अस्पतालों में यह मुफ्त जांच हो सकती है.

क्या घर से दे सकते हैं सैंपल?
अगर मरीज स्वाइन फ्लू की जांच घर से ही करवाना चाहते हैं तो वे घर बैठे भी सैंपल दे सकते हैं. कई रेडक्लिफ, हेल्थियंस, मैक्स लैब, मेट्रोपोलिस, डॉ. डांग्स जैसी बड़ी लैब्स होम सैंपल कलेक्शन की सुविधा देती हैं. इन्हें आप ऐप या वेबसाइट से बुक कर सकते हैं. इस दौरान ट्रेन्ड फ्लेबोटोमिस्ट घर आकर स्वैब ले लेते हैं. रिपोर्ट आमतौर पर 24 घंटे के अंदर आ जाती है.

क्या बरतें सावधानी
डॉक्टरों की मानें तो लक्षण दिखने पर मास्क पहनें, दूसरों से दूरी रखें और जल्द डॉक्टर से संपर्क करें. ज्यादातर मामले हल्के होते हैं और 5-7 दिन में ठीक हो जाते हैं, लेकिन लापरवाही न करें.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *