कंबल-स्वेटर दोबारा निकालो! दिल्ली-NCR में हीटवेव का सपना टूटा, ठंड की हुई वापसी, 26-29 मार्च को आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश

नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर वालों अगर आपने कंबल और स्वेटर जैकेट पैक कर दिए थे तो दोबारा निकाल लीजिए. क्योंकि दिल्ली एनसीआर से सर्दी अभी विदा होने वाली नहीं है. फरवरी और मार्च के शुरुआती 2 सप्ताह काफी गर्म थे, जिस वजह से लोगों को लगा कि गर्मी अब बढ़ने वाली है और तापमान नीचे गिरेगा नहीं, लेकिन 15 मार्च को बारिश हुई. इसके बाद लगातार बादल आसमान में छाए रहे. फिर 18, 19 और 20 को बारिश हुई.

इसके बाद 23 मार्च को फिर से दिल्ली एनसीआर में बारिश हुई, जिसकी वजह से धूप हल्की रही. दिन भर बादल रहे और मौसम ठंडा रहा. अब अधिकतम तापमान भी 29 से 31 डिग्री सेल्सियस पर आ पहुंचा है. जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के करीब चल रहा है. ऐसे में दिल्ली एनसीआर के मौसम को लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग का एक बहुत बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसके मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ अभी लगातार आते रहेंगे और वेदर सिस्टम बनता रहेगा, जिस वजह से दिल्ली एनसीआर में अभी और बारिश होगी.

दिल्ली एनसीआर में आईएमडी का अलर्ट

सबसे पहले बात करें आज के मौसम की तो आज 24 मार्च को दिल्ली एनसीआर में बादल छाए रहेंगे. 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहेंगी. वहीं, 25 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा, जिसका असर 26 मार्च को दिल्ली एनसीआर पर देखने के लिए मिलेगा. 26 मार्च को दिल्ली एनसीआर में बारिश होगी. इसके बाद एक बार फिर तापमान गिर जाएगा और ठंड बढ़ेगी और इसके अलावा ठंडी हवाएं भी चलेगी.

• 26 मार्च को होने वाली बारिश के बाद 27 मार्च की सुबह तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. मौसम सुहावना बना रहेगा और बादल रहेंगे. जबकि 28 मार्च को दिन भर बादल छाए रहेंगे. इस दौरान मौसम सुहावना रहेगा. वहीं, 29 मार्च को एक बार फिर बारिश होगी और अधिकतम तापमान गिरकर लगभग 29 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाएगा. जबकि न्यूनतम तापमान भी 13 से 14 डिग्री सेल्सियस से करीब आ जाएगा.

इसके बाद भी लगातार मौसम सुहावना बना रहेगा. 29 मार्च के बाद भी दिल्ली एनसीआर में गर्मी बढ़ने का पूर्वानुमान नहीं है. स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. महेश पलावत ने बताया कि अप्रैल के पहले सप्ताह तक दिल्ली एनसीआर में हीटवेव चलने का पूर्वानुमान नहीं है और ना ही मौसम उतना गर्म होगा जितना कि अप्रैल के शुरुआती सप्ताह में देखने के लिए मिलता था. लगातार पश्चिमी विक्षोभ एक-एक करके आते रहेंगे. वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से अभी अप्रैल के पहले सप्ताह तक तो दिल्ली एनसीआर में गर्मी बढ़ती हुई नजर नहीं आ रही है.

• वहीं, लगातार हो रही बारिश की वजह से दिल्ली एनसीआर में अब नीला आसमान नजर आने लगा है. बीते महीने जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 से 500 के करीब पहुंच गया था. वहीं, अब एक बार फिर बारिश की वजह से लुढ़क कर 122 से 150 के करीब पहुंच गया है, जिस वजह से दिल्ली एनसीआर के लोगों को साफ हवा में सांस लेने का मौका मिल रहा है.

शहरों का तापमान और AQI

शहर तापमान अधिकतम/न्यूनतम AQI
दिल्ली  30/16 154
नोएडा  31/18 132
गाजियाबाद  31/18 144
गुड़गांव 31/18 122
ग्रेटर नोएडा 31/18 158
फरीदाबाद  31/18 142

नोट- ( ये आंकड़े मंगलवार के हैं )

अब वेस्टर्न डिस्टरबेंस अप्रैल की शुरुआत तक दिल्ली एनसीआर में लगातार आते रहेंगे, जिससे पहाड़ों सहित उत्तर भारत में मौसमी गतिविधियाँ होंगी. अगले दो-तीन दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. बिहार और छत्तीसगढ़ में एक दो स्थानों पर लेकिन महाराष्ट्र में कई जगह हल्की बारिश के साथ बादल गरज सकते हैं.  वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. दक्षिण भारत में भारी बारिश दिखाई नहीं देगी लेकिन कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. यह प्री-मानसून की गतिविधियाँ तापमान को अधिक नहीं बढ़ने देंगी और लू का प्रकोप अभी फिलहाल दिखाई नहीं देगा.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *