जिम वाले सावधान! प्रोटीन के नाम में मिल रहा जहर, कंपनियों के नकली सप्लीमेंट का फैक्ट्री का खुला पोल

होमताजा खबरDelhi

जिम वाले सावधान! प्रोटीन के नाम पर जहर, कंपनियों के नकली सप्लीमेंट का खुला पोल

Last Updated:

क्या आप भी जिम में पसीना बहाने के बाद महंगे ब्रांड्स का प्रोटीन सप्लीमेंट ले रहे हैं? अगर हां, तो सावधान हो जाइए! दिल्ली क्राइम ब्रांच ने रानी खेड़ा गांव में चल रही एक ऐसी अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है, जहां सस्ते पाउडर और केमिकल मिलाकर ‘ऑप्टिमम न्यूट्रिशन’ (ON) और ‘सिंथा-6’ जैसी नामी कंपनियों के नकली प्रोटीन तैयार किए जा रहे थे. पुलिस ने इस गोरखधंधे में शामिल हरियाणा के नवीन कुमार उर्फ बंजारा को गिरफ्तार किया है. मौके से भारी मात्रा में कच्चा माल, नकली होलोग्राम और पैकिंग मशीनें जब्त की गई हैं. यह नकली सप्लीमेंट आपकी सेहत और किडनी को भारी नुकसान पहुंचा सकता है.

दिल्ली पुलिस ने जिम में प्रोटीन के नाम पर जहर बेचने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है. (फाइल फोटो)

Delhi Police Arrested: आजकल युवाओं में जिम जाने और अच्छी बॉडी बनाने का भारी क्रेज है. इसी शौक का फायदा उठाकर कुछ जालसाज चंद रुपयों के लालच में युवाओं की सेहत के साथ खतरनाक खिलवाड़ कर रहे हैं. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे ही बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए राजधानी में चल रही नकली प्रोटीन सप्लीमेंट की एक अवैध फैक्ट्री को सील कर दिया है और गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है.

क्राइम ब्रांच को खुफिया जानकारी मिली थी कि दिल्ली के रानी खेड़ा गांव में बड़े पैमाने पर नामी ब्रांड्स के नकली सप्लीमेंट बनाने का काला कारोबार चल रहा है. इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की और मौके से 32 वर्षीय आरोपी नवीन कुमार उर्फ बंजारा को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. नवीन मूल रूप से हरियाणा के चरखी दादरी का रहने वाला है और लंबे समय से इस अवैध फैक्ट्री का संचालन कर रहा था.

कैसे बनता था डिब्बे के अंदर का जहर?

पुलिस की पूछताछ और जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. आरोपी बाजार से बेहद सस्ते दाम वाला घटिया पाउडर, माल्टोडेक्सट्रिन, कोको पाउडर और कृत्रिम फ्लेवर खरीदकर लाते थे. इन सभी चीजों को मिलाकर एक मिक्सचर तैयार किया जाता था. इसके बाद इस घटिया मिक्सचर को ऑप्टिमम न्यूट्रिशन और सिंथा-6 जैसे दुनिया के सबसे महंगे और भरोसेमंद सप्लीमेंट ब्रांड्स के नकली डिब्बों में भर दिया जाता था. लोगों की आंखों में धूल झोंकने के लिए इन डिब्बों पर असली दिखने वाले नकली स्टिकर, होलोग्राम, सील और यहां तक कि क्यूआर कोड भी लगा दिए जाते थे, ताकि कोई इन्हें पहचान न सके.

फैक्ट्री से क्या-क्या हुआ बरामद?

क्राइम ब्रांच ने छापेमारी के दौरान इस अवैध फैक्ट्री से भारी मात्रा में सामान जब्त किया है:

  1. तैयार माल: 26 नकली प्रोटीन से भरे हुए डिब्बे.
  2. कच्चा माल: लगभग 10 बैग (बोरियां) कच्चा माल और कई प्रकार के फ्लेवर पाउडर.
  3. पैकेजिंग सामग्री: सैकड़ों की संख्या में नामी कंपनियों के नकली स्टिकर, होलोग्राम और खाली प्लास्टिक जार.
  4. मशीनें: सप्लीमेंट बनाने वाली दो मशीनें, दो वजन नापने वाली मशीनें, डिब्बों को पैक करने वाली इंडक्शन सीलिंग मशीन और नकली क्यूआर कोड छापने वाली प्रिंटिंग मशीन.

पहले भी पकड़े गए थे गैंग के गुर्गे

नवीन की गिरफ्तारी इस नेटवर्क पर क्राइम ब्रांच का दूसरा बड़ा प्रहार है. इससे पहले पुलिस ने इसी गिरोह के दो अन्य आरोपियों मोहित तिवारी और मोहित दीक्षित को भी दबोचा था. उन दोनों के पास से पुलिस ने करीब 150 किलो नकली न्यूट्रिशन सप्लीमेंट और अलग-अलग नामी ब्रांड्स के कई नकली स्टिकर बरामद किए थे. उन्हीं से हुई पूछताछ की कड़ी जोड़ते हुए पुलिस नवीन तक पहुंची थी. फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और सप्लायर्स की तलाश में जुटी है.

About the Author

Deep Raj DeepakSub-Editor

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *