Last Updated:
दिल्ली में पानी के मैनेजमेंट में एआई का यूज होगा. दिल्ली जल बोर्ड ने इसके लिए आईआईटी कानपुर के साथ करार किया है. टैंकरों में जीपीएस लगा दिए गए हैं. सरकार भविष्य में बनने वाले 20 लाख नए फ्लैट्स के लिए भी अभी से पानी का बंदोबस्त कर रही है. यह दिल्ली वालों के लिए एक बहुत बड़ी राहत की खबर है.
प्रवेश वर्मा ने कहा कि 51 क्यूसेक पानी के लिए हरियाणा से बात चल रही है.
नई दिल्ली. दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सोमवार को डीजेबी की वार्षिक ‘ग्रीष्मकालीन कार्ययोजना’ शुरू की, जिसमें जल वितरण प्रणाली में सुधार, एआई एकीकरण और दीर्घकालिक योजना पर ध्यान केंद्रित किया गया है. सिंह ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने गर्मी के मौसम में वितरण प्रणाली के अंतिम छोर पर स्थित क्षेत्रों तक जल उपलब्ध कराने के लिए पानी के लगभग 1000 टैंकर तैनात किए हैं.
उन्होंने कहा, “चुनौतियों के बावजूद हम दिल्ली की बढ़ती आबादी को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहे हैं. हमारे जल स्रोत सीमित हैं और बोरवेल के लिए नए क्षेत्र स्थापित करने में कई बाधाएं हैं.” जल मंत्री ने कहा कि पानी उपलब्ध कराना ‘पुण्य’ का काम है और पानी के टैंकरों की व्यवस्था मौजूदा समस्याओं के समाधान तक केवल एक अस्थायी समाधान है.
उन्होंने कहा, “हम अगले 50 वर्षों के लिए योजना बना रहे हैं. जल प्रबंधन के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है. साथ ही नए टैंकरों में जीपीएस लगाया गया है. अनुमान है कि अगले कुछ वर्षों में दिल्ली में 20 लाख फ्लैट और जुड़ेंगे; हम योजना बनाते समय इसे ध्यान में रख रहे हैं.”
सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के एकीकरण के माध्यम से डिजिटलीकरण शुरू हो गया है और डीजेबी ने परियोजनाओं पर काम कर रहे आईआईटी-कानपुर के साथ साझेदारी की है. जल मंत्री ने यह भी कहा कि अगले दो वर्षों में डीजेबी चंद्रावल जल शोधन संयंत्र उन्नयन परियोजना को पूरा कर लेगा, जिससे कम से कम 10 विधानसभा क्षेत्रों में जल प्रबंधन प्रणाली की समस्या का समाधान हो जाएगा और अन्य क्षेत्रों को भी इसी तरह विकसित किया जाएगा.
समर एक्शन प्लान के तहत नए वॉटर सोर्सेज पर बहुत तेजी से काम चल रहा है. प्रवेश वर्मा ने कहा, “पिछले साल नई बोरिंग से पानी की क्षमता 70 से 80 परसेंट तक बढ़ गई थी. अब दिल्ली सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है. पानी की सप्लाई बढ़ाने के लिए हरियाणा सरकार से सीधे बात चल रही है. दिल्ली सरकार हरियाणा से 51 क्यूसेक पानी खरीदने की तैयारी में है. यह पानी डीएसबी (DSB) कैनाल के जरिए दिल्ली लाया जाएगा.”
About the Author
हिंदुस्तान टाइम्स में इंटर्नशिप के साथ पत्रकारिता की शुरुआत करने वाली रचना 2015 में Network 18 से जुड़ीं. फिलहाल News 18 टीवी चैनल में सीनियर कॉरस्पॉडेंट के तौर पर काम कर रही हैं. मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों…और पढ़ें
